गोपेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़े के अंतर्गत चमोली जनपद को विकास की ऐतिहासिक सौगात दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज जनपद मुख्यालय में ₹155.36 करोड़ की 63 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ₹113.99 करोड़ की 36 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹41.37 करोड़ की 27 योजनाओं का लोकार्पण कर जनपद में आधारभूत विकास को नई दिशा दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पशुपालन, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने चमोली को धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

सड़क, पुल और बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं को मिली गति

मुख्यमंत्री ने जोशीमठ-नीति मार्ग पर जुग्जू में स्टील ट्रस पुल, लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांज-पोखनी मोटर मार्ग पर लौह सेतु, विभिन्न मोटर मार्गों के निर्माण एवं विस्तार, पर्वतीय नहरों के पुनरोद्धार तथा अनेक स्टील गर्डर पुलों सहित कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके अलावा जनपद में करोड़ों रुपये की विभिन्न बाढ़ सुरक्षा योजनाओं को भी मंजूरी देकर आपदा संवेदनशील क्षेत्रों को राहत प्रदान करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया।

शिक्षा, स्वास्थ्य और पशुपालन क्षेत्र को भी मिला मजबूत आधार

कार्यक्रम में मॉडल राजकीय पशु चिकित्सालय नंदप्रयाग, पशु चिकित्सालय तलवाड़ी, डायट गौचर के अनुरक्षण कार्य, सामुदायिक भवन, पार्किंग, विद्यालय भवन, विज्ञान प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष जैसी योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को बल मिलेगा।

27 योजनाओं का लोकार्पण, पर्यटन और खेल अवसंरचना को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं का लोकार्पण किया उनमें विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण एवं उन्नयन, गैरसैंण मुख्य मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स, जिला चिकित्सालय चमोली और बीपीएचयू पोखरी में डीआईपीएचएल भवन, बैरागना ट्राउट इंडोर हैचरी, गोपेश्वर खेल स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल, कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज, सहकारी समिति भवन तथा कई सड़क उन्नयन परियोजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं से पर्यटन, खेल और ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में संतुलित विकास सुनिश्चित कर रही है। चमोली में शुरू हुई ये परियोजनाएं स्थानीय लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के साथ रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देंगी।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *