•  सफलता की कहानी : नवाचार, विज्ञान और स्वरोजगार से रिवर्स माइग्रेशन को मिल रही नई दिशा

  • छोटे से हिमालयी गांव से ब्रह्मांड तक रमेश भद्री की प्रेरणादायक सफलता की कहानी

देहरादून (राजकुमार दक्ष) । टिहरी गढ़वाल के एक छोटे से गांव के युवा ने बचपन में एक ऐसा सपना देखा जिसने उसे ब्रह्मांड की अनंत दुनिया तक पहुंचा दिया। ये हैं रमेश भद्री जो आज उत्तराखंड के अग्रणी शौकिया खगोलविद, एस्ट्रोफोटोग्राफर, विज्ञान शिक्षक और विज्ञान संचारक के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं।

रमेश भद्री के पास बचपन में न दूरबीन थी और न ही आधुनिक संसाधन लेकिन उनके पास थी असीम जिज्ञासा। अखबारों और विज्ञान पत्रिकाओं में प्रकाशित आकाशगंगाओं, निहारिकाओं और तारों की तस्वीरें उन्हें घंटों तक आकर्षित करती थी। ब्रह्मांड की तस्वीरों ने उनके मन में ब्रह्मांड को समझने की गहरी इच्छा जगा दी। वे उन तस्वीरों की कतरनों को वर्षों तक संभालकर रखते रहे, बिना यह जाने कि एक दिन वे स्वयं उन्हीं खगोलीय पिंडों की अद्भुत तस्वीरें दुनिया के सामने प्रस्तुत करेंगे।

सीमित संसाधनों से असीम उपलब्धियों तक

पहाड़ी क्षेत्र में खगोल विज्ञान से जुड़ी सुविधाएं लगभग न के बराबर थी। इसके बावजूद रमेश भद्री ने हार नहीं मानी। उन्होंने पुस्तकों, इंटरनेट और स्वयं के निरंतर अध्ययन के माध्यम से खगोल विज्ञान, दूरबीन संचालन, एस्ट्रोफोटोग्राफी और इमेज प्रोसेसिंग की बारीकियां सीखीं। उनका शौक धीरे-धीरे एक मिशन बन गया। हिमालयी क्षेत्र के लोगों को विज्ञान और ब्रह्मांड से जोड़ना। आज वे लाखों-करोड़ों प्रकाशवर्ष दूर स्थित आकाशगंगाओं, निहारिकाओं और तारागुच्छों की अत्यंत उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीरें कैद करते हैं। उनकी हर तस्वीर उन अनगिनत रातों, कठिन मौसम और अथक मेहनत की कहानी कहती है, जो उन्होंने विज्ञान के प्रति अपने समर्पण से अर्जित की है।

टिहरी स्काईज ऑब्जर्वेटरी बना विज्ञान और पर्यटन का नया केंद्र

अपने सपने को नई उड़ान देते हुए रमेश ने प्रतापनगर (मणि नेगी), नई टिहरी के निकट टिहरी स्काईज़ ऑब्जर्वेटरी की स्थापना की। यह वेधशाला आज उत्तराखंड में खगोल विज्ञान शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, एस्ट्रोफोटोग्राफी और एस्ट्रो-टूरिज्म का एक उभरता हुआ केंद्र बन चुकी है। आधुनिक दूरबीनों और उन्नत उपकरणों से सुसज्जित यह वेधशाला आम लोगों को ब्रह्मांड को नजदीक से देखने का अवसर प्रदान करती है।

यहां नियमित रूप से स्टारगेजिंग कार्यक्रम, विज्ञान कार्यशालाएं, विद्यालयी भ्रमण और सार्वजनिक अवलोकन सत्र आयोजित किए जाते हैं। छात्र, शिक्षक, पर्यटक और विज्ञान प्रेमी पहली बार शनि के छल्लों, बृहस्पति के उपग्रहों, निहारिकाओं और दूरस्थ आकाशगंगाओं को अपनी आंखों से देखकर रोमांचित होते हैं।

विज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

रमेश भद्री का मानना है कि विज्ञान केवल पुस्तकों और प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि लोगों को उसे प्रत्यक्ष रूप से अनुभव करने का अवसर मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य से वे विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी संस्थानों और विभिन्न सार्वजनिक मंचों पर विज्ञान विषयक व्याख्यान और कार्यशालाएं आयोजित करते हैं। उनकी विशेषता है कि वे जटिल वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल, रोचक और सहज भाषा में समझाते हैं, जिससे हर आयु वर्ग के लोग विज्ञान के प्रति आकर्षित होते हैं।

वैज्ञानिक अनुसंधान में भी योगदान

रमेश केवल विज्ञान के प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं हैं। वे चर तारों और एक्सोप्लैनेट के वैज्ञानिक अवलोकन भी करते हैं। उनके द्वारा एकत्रित डेटा वैज्ञानिक समुदाय के लिए उपयोगी साबित हो रहा है और यह दर्शाता है कि समर्पित शौकिया खगोलविद भी वैश्विक वैज्ञानिक अनुसंधानों में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान

रमेश भद्री की उपलब्धियों और उनके द्वारा ली गई खगोलीय तस्वीरों को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार मंचों पर प्रमुखता से प्रकाशित किया जा चुका है। जिससे हजारों युवाओं में विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति नई रुचि विकसित हुई है।

रमेश भद्री का सपना है कि टिहरी स्काईज ऑब्जर्वेटरी को भारत के प्रमुख खगोल विज्ञान शिक्षा, अनुसंधान और एस्ट्रो-टूरिज्म केंद्रों में स्थापित किया जाए। वे भविष्य में वेधशाला का विस्तार कर अधिक विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को वास्तविक वैज्ञानिक अवलोकनों से जोड़ना चाहते हैं।

रमेश भद्री की यात्रा इस बात का सशक्त उदाहरण है कि यदि जिज्ञासा, लगन और सीखने की इच्छा हो, तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह नहीं रोक सकते। एक समय जो बालक अखबारों में छपी आकाशगंगाओं की तस्वीरों को देखकर सपने देखा करता था, आज वही व्यक्ति अपनी दूरबीन से उन आकाशगंगाओं की अद्भुत तस्वीरें दुनिया तक पहुंचा रहा है।

टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने रमेश बद्री के नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह प्रयास युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। इस प्रकार के इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के साथ-साथ रिवर्स माइग्रेशन को भी बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। जिलाधिकारी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे ऐसे नवाचारों में सक्रिय भागीदारी कर स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं और उत्तराखण्ड के समग्र विकास में अपनी भूमिका निभाएं।

अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने रमेश भद्री की पहल को जनपद के पर्यटन से जोड़ने पर बल देते हुए जिला पर्यटन विकास अधिकारी (डीटीडीओ) सोबत सिंह राणा को निर्देश दिए कि जनपद के होटल एवं होमस्टे में आने वाले पर्यटकों को टिहरी स्काईज़ ऑब्जर्वेटरी से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटकों को एक अनूठा वैज्ञानिक एवं खगोलीय पर्यटन अनुभव मिलेगा, साथ ही स्थानीय स्तर पर पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

उनकी कहानी केवल व्यक्तिगत सफलता की कहानी नहीं, बल्कि यह संदेश भी देती है कि सपनों की कोई सीमा नहीं होती। उत्तराखंड की पहाड़ियों से उठी यह वैज्ञानिक यात्रा आज हजारों युवाओं को आकाश की ओर देखने, प्रश्न पूछने और विज्ञान के माध्यम से नई संभावनाएं खोजने के लिए प्रेरित कर रही है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *