विकासनगर/देहरादून। दून पुलिस ने सेलाकुई और सहसपुर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग ₹40 लाख मूल्य का चोरी का सामान और ₹3 लाख 90 हजार नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विकास (21 वर्ष) और सुमित कुमार (27 वर्ष) मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के निवासी हैं। दोनों आरोपी देहरादून के शंकरपुर क्षेत्र में किराए पर रह रहे थे और दिहाड़ी मजदूरी के साथ-साथ चोरी की वारदातों को भी अंजाम दे रहे थे। ऐसे देते थे चोरी की वारदातों को अंजाम पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिन के समय काम की तलाश के बहाने विभिन्न कॉलोनियों और मकानों की रेकी करते थे। गर्मी की छुट्टियों के दौरान बंद पड़े मकानों को निशाना बनाकर रात के समय ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने सेलाकुई क्षेत्र में हुई पांच बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी किसी नई वारदात को अंजाम देने के लिए फिर से सेलाकुई क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके पास से ताला तोड़ने के उपकरण बरामद हुए। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने शंकरपुर स्थित किराए के कमरे से भारी मात्रा में चोरी का सामान और नकदी बरामद की। बैंक खाते में जमा थे चोरी के पैसे जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी विकास ने चोरी के माल को बेचकर प्राप्त ₹2.50 लाख अपने बैंक खाते में जमा कराए थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खाते को फ्रीज करा दिया है। पहले से दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी सुमित कुमार के खिलाफ सहसपुर और हरियाणा में पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गिरोह के एक अन्य सदस्य की पहचान कर ली गई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। एसएसपी ने टीम को किया पुरस्कृत मामले के सफल और त्वरित खुलासे पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने सेलाकुई थाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम को ₹2,500 नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। इस संबंध में एसपी ग्रामीण पंकज गैरोला ने बताया कि सहसपुर थाना क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। पुलिस और एसओजी की संयुक्त जांच के दौरान इस दो सदस्यीय गिरोह का पता चला, जो क्षेत्र में रहकर मजदूरी करने के साथ-साथ चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है। Post navigation उत्तराखंड मौसम अपडेट: 27 जून तक 11 पहाड़ी जिलों में बारिश, 25 जून तक येलो अलर्ट जारी