देहरादून: वीकेंड के दौरान मसूरी, चकराता और ऋषिकेश में बढ़ती पर्यटकों की संख्या को देखते हुए देहरादून पुलिस ने शनिवार और रविवार के लिए विशेष यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन योजना लागू कर दी है। इसका उद्देश्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर जाम की स्थिति को नियंत्रित करना और पर्यटकों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखना है। यातायात पुलिस के अनुसार दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से आने वाले पर्यटक वाहन डाटकाली एक्सप्रेसवे से मसूरी जाने के लिए शिमला बाईपास, बल्लीवाला फ्लाईओवर, बल्लूपुर और कुठाल गेट के निर्धारित मार्ग का उपयोग करेंगे। यदि यातायात का दबाव बढ़ता है तो वाहनों को ट्रांसपोर्ट नगर ट्राई-जंक्शन से लक्ष्मी धर्मकांटा, किमाड़ी और हाथीपांव मार्ग से मसूरी भेजा जाएगा। चकराता की ओर जाने वाले वाहनों के लिए जीएमएस रोड, चौधरी चरण सिंह चौक, नया गांव और लांघा रोड होते हुए नए देहरादून-पांवटा फ्लाईओवर मार्ग का उपयोग निर्धारित किया गया है। वहीं प्रेमनगर क्षेत्र से आने वाले यात्री बल्लूपुर चौक, कौलागढ़, किमाड़ी और हाथीपांव मार्ग से मसूरी पहुंच सकेंगे। वापसी के दौरान मसूरी से हिमाचल प्रदेश की ओर जाने वाले वाहनों को पुराने राजपुर रोड, साईं मंदिर डायवर्जन और सीएसडी ट्राई-जंक्शन के रास्ते भेजा जाएगा। आशारोड़ी की ओर जाने वाला यातायात दिलाराम चौक, ईसी रोड और रिस्पना पुल से होकर गुजरेगा। ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहनों के लिए किरसाली चौक, मालदेवता और थानो रोड का मार्ग निर्धारित किया गया है। वहीं ऋषिकेश से मसूरी जाने वाले वाहन एयरपोर्ट ट्राई-जंक्शन, थानो रोड, लाडपुर, सहस्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और कुठाल गेट के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। पुलिस ने मसूरी में पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विशेष प्रबंध किए हैं। शुरुआती चरण में वाहनों को किंग क्रेग से लाइब्रेरी और पिक्चर पैलेस की ओर जाने की अनुमति होगी। लेकिन शहर की पार्किंग क्षमता 90 प्रतिशत भरने पर वाहनों को किंग क्रेग पार्किंग में ही रोक दिया जाएगा और पर्यटकों को स्थानीय टैक्सी सेवा का उपयोग करना होगा। यदि किंग क्रेग पार्किंग भी पूरी तरह भर जाती है, तो यातायात को गज्जी बैंड से हाथीपांव रोड होते हुए जीरो पॉइंट की ओर मोड़ दिया जाएगा। वहां निर्धारित स्थानों पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। ऋषिकेश क्षेत्र में भी तीन स्तरीय ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान लागू किया गया है ताकि पर्यटकों की भीड़ के दौरान जाम की स्थिति न बने। हालांकि एंबुलेंस, दमकल, आपूर्ति वाहनों और अन्य आपातकालीन सेवाओं को इस व्यवस्था से मुक्त रखा गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को क्रेन की सहायता से हटाया जाएगा और वाहन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन ने पर्यटकों से निर्धारित मार्गों और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे। Post navigation उत्तराखंड में जिलाधिकारियों को मिला NSA लगाने का अधिकार, 31 अगस्त तक कर सकेंगे कार्रवाई देहरादून में NEET UG पुनर्परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 16 केंद्रों पर धारा 163 लागू