देहरादून। मसूरी नगर पालिका और एसडीएम मसूरी के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर मंगलवार को एक धमकी भरा संदेश प्राप्त होने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। ई-मेल में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, देहरादून से दिल्ली तक विभिन्न सरकारी प्रतिष्ठानों, रेलवे स्टेशनों, रेलवे ट्रैक, हरिद्वार, ऋषिकेश, केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल में कई संवेदनशील स्थानों का उल्लेख करते हुए कुछ स्थानों के लिए समय और तारीख भी लिखी गई है। संदेश में खालिस्तान से जुड़े संदर्भ और कई आपत्तिजनक टिप्पणियां भी शामिल हैं, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस, खुफिया एजेंसियों और साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ई-मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों, सरकारी संस्थानों, रेलवे परिसरों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संबंधित विभागों और एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल पुलिस ई-मेल की सत्यता की जांच कर रही है और मामले के हर पहलू की गहन पड़ताल जारी है। Post navigation देहरादून में दर्दनाक सड़क हादसा: सिटी बस ने 6 लोगों को रौंदा, एक की मौत, कई गंभीर घायल नगरासू दमदमा साहिब गुरुद्वारा गतिरोध में समाधान की उम्मीद, चार निहंग अब भी ऊपरी मंजिल पर मौजूद