पहले बेच चुका था संपत्ति, फिर नकली कागजात बनाकर दोबारा किया सौदा; पुलिस कर रही अन्य आरोपियों की तलाश

देहरादून। राजधानी देहरादून में संपत्ति से जुड़ी बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक कारोबारी पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर पहले से बेची जा चुकी संपत्ति को दोबारा बेचने और 1 करोड़ 65 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, बलवीर रोड निवासी विनोद प्रकाश अग्रवाल ने 24 मई को डालनवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी संजय जैन और उसके सहयोगियों ने हरिद्वार रोड स्थित अरिहंत टावर की पांचवीं मंजिल पर मौजूद एक संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे बेच दिया और उनसे 1 करोड़ 65 लाख रुपये ले लिए।

जांच के दौरान सामने आया कि जिस संपत्ति का सौदा किया गया था, उसे आरोपी पक्ष पहले ही वर्ष 2024 में निशांत गर्ग को विधिवत सेल डीड के माध्यम से बेच चुका था। इसके बावजूद आरोपियों ने कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उसी संपत्ति को वर्ष 2025 में दोबारा बेचकर बड़ी रकम हासिल कर ली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर विस्तृत जांच की गई। जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 29 मई को मुख्य आरोपी संजय जैन (65 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी हरिद्वार में लगेज बैग निर्माण की फैक्ट्री थी, जिसे लगातार आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा था। बढ़ते कर्ज के दबाव के कारण उसकी पत्नी रितु जैन ने वर्ष 2024 में अरिहंत टावर स्थित संपत्ति को निशांत गर्ग के नाम बेच दिया था। हालांकि, संपत्ति बेचने के बाद भी सभी देनदारियों का भुगतान नहीं हो पाया। इसके बाद आरोपियों ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसी संपत्ति का दोबारा सौदा कर दिया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जो उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *