रामनगर। प्रसिद्ध गर्जिया देवी मंदिर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन कर हंगामा कर रहे चार युवकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया। पुलिस ने इस दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन को भी सीज कर दिया तथा चालक के खिलाफ ड्रंक एंड ड्राइव के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गर्मी की छुट्टियों के चलते इन दिनों गर्जिया देवी मंदिर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। भीड़भाड़ और धार्मिक महत्व को देखते हुए पुलिस क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी कर रही है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। इसी दौरान गर्जिया चौकी पुलिस को सूचना मिली कि मंदिर क्षेत्र के निकट कुछ युवक शराब पीकर उत्पात मचा रहे हैं और आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशान कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चार युवकों को पकड़ लिया। पुलिस जांच में पाया गया कि युवक सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन कर रहे थे, जिससे आसपास मौजूद श्रद्धालुओं और पर्यटकों को असुविधा हो रही थी। कार्रवाई के दौरान स्कॉर्पियो वाहन संख्या UK04C-0021 को भी सीज किया गया। पुलिस के अनुसार वाहन चालक मोधवीर पुत्र सतनाम सिंह निवासी काशीपुर शराब के नशे में वाहन चला रहा था। उसके खिलाफ ड्रंक एंड ड्राइव की कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया। वहीं अन्य युवकों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों, पर्यटन क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। Post navigation 276 युवाओं को मिला सरकारी सेवा का अवसर, मुख्यमंत्री धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र श्रीलंका के 40 सिविल सेवा अधिकारियों ने यूएसडीएमए का किया अध्ययन भ्रमण, उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन मॉडल की सराहना