प्रधानमंत्री आवास योजना के 1872 आवास जल्द होंगे लाभार्थियों को आवंटित

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में आवासीय एवं शहरी विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में सचिव आवास एवं राज्य सम्पत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने उधमसिंहनगर जनपद के रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

156 करोड़ की लागत से बने आवासों का किया निरीक्षण

डॉ. राजेश कुमार ने बागवाला स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लगभग 156 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1872 आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इन आवासों का लोकार्पण शीघ्र किया जाएगा तथा पात्र लाभार्थियों को आवासों की चाबियां सौंपी जाएंगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन लाभार्थियों ने अभी तक अपना अंशदान जमा नहीं किया है, उनसे शीघ्र धनराशि जमा कराकर आवंटन प्रक्रिया को गति दी जाए।

लाभार्थियों को भुगतान के लिए किया जा रहा जागरूक

विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रति आवास तीन लाख रुपये की सहायता सरकार द्वारा प्रदान की जाती है, जबकि तीन लाख रुपये लाभार्थी को स्वयं जमा करने होते हैं।

अब तक 185 लाभार्थियों ने पूरी धनराशि जमा कर दी है, जबकि 222 लाभार्थियों को पत्र एवं दूरभाष के माध्यम से भुगतान के लिए सूचित किया गया है।

सौंदर्यीकरण और एसटीपी परीक्षण कार्य भी अंतिम चरण में

सचिव को बताया गया कि आवास परिसर में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण एवं पौधारोपण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। परिसर में स्थापित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की टेस्टिंग भी सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है।

इस दौरान सचिव ने अधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी दिए।

‘कुमाऊं कमर्शियल कुटीर’ परियोजना को मिलेगी नई पहचान

निरीक्षण के दौरान डॉ. राजेश कुमार ने त्रिशूल चौक के समीप लोक निर्माण विभाग की 6.5 एकड़ भूमि का भी जायजा लिया। यहां प्रस्तावित ‘कुमाऊं कमर्शियल कुटीर’ बहुमंजिला परियोजना विकसित की जानी है।

अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत आधुनिक आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों का निर्माण किया जाएगा। इसकी प्रारंभिक डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है।

48 एकड़ में विकसित होगा आधुनिक ट्रांसपोर्ट नगर

सचिव आवास ने रामपुर रोड स्थित प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना का भी स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार 48 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना की 72 करोड़ रुपये की प्रारंभिक डीपीआर शासन को प्रेषित की जा चुकी है।

यह परियोजना भविष्य में शहर की यातायात व्यवस्था और व्यावसायिक गतिविधियों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

सड़क चौड़ीकरण और नए कार्यालय भवन का भी लिया जायजा

निरीक्षण के क्रम में सचिव ने त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य का अवलोकन किया। इसके अलावा कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन विकास प्राधिकरण कार्यालय का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों की रही मौजूदगी

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग गजेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जो उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *