देहरादून/टिहरी गढ़वाल। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा 20 जुलाई 2026 के लिए जारी रेड अलर्ट के मद्देनजर उत्तराखंड के देहरादून और टिहरी गढ़वाल जिलों में सोमवार को सभी विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।

टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष नितिका खण्डेलवाल ने जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 20 जुलाई 2026 को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

वहीं देहरादून जिला प्रशासन ने भी रेड अलर्ट और भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया है, ताकि विद्यार्थियों और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

जारी आदेश के अनुसार, दोनों जनपदों के सभी शैक्षणिक संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र सोमवार को पूर्णतः बंद रहेंगे। संबंधित अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्यों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी विद्यालय द्वारा आदेशों की अवहेलना की जाती है और कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो संबंधित प्रधानाचार्य या प्रबंधक के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


20 जुलाई का जन समाधान दिवस स्थगित, देहरादून में रेड अलर्ट के चलते जिला प्रशासन का फैसला

देहरादून। भारी वर्षा और मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने सोमवार, 20 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाला जन समाधान दिवस स्थगित कर दिया है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून तथा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के National Disaster Alert Portal द्वारा जारी नवीनतम मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर की संभावना है। इसके मद्देनजर देहरादून के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 20 जुलाई का जन समाधान दिवस स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।


जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा भारी वर्षा के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *