एमडीडीए ने नागरिकों से संशोधित स्थलों पर पहुंचकर दर्ज कराने की अपील की आपत्तियां एवं सुझाव, 6 से 21 जुलाई तक चलेगी सेक्टरवार सुनवाई

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने देहरादून महायोजना-2041 (प्रारूप) पर प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों की सुनवाई के लिए जारी कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया है। प्राधिकरण द्वारा जारी संशोधित विज्ञप्ति के अनुसार, अपरिहार्य प्रशासनिक कारणों से सेक्टर-1, 6, 8 एवं 10 की जनसुनवाई के लिए पूर्व में निर्धारित स्थलों में परिवर्तन किया गया है। अन्य सभी सेक्टरों की सुनवाई पूर्व घोषित तिथि एवं समय के अनुसार ही आयोजित होगी।

एमडीडीए की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि 22 जून 2026 को जारी अधिसूचना के तहत देहरादून महायोजना-2041 (प्रारूप) पर आम जनता, संस्थाओं एवं संबंधित पक्षों से प्राप्त आपत्तियों और सुझावों की सुनवाई के लिए सेक्टरवार कार्यक्रम निर्धारित किया गया था। अब चार सेक्टरों के लिए केवल सुनवाई स्थल बदले गए हैं, जबकि तिथि एवं समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।

देहरादून महायोजना-2041 राज्य की राजधानी के आगामी दो दशकों के शहरी विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जा रहा है। इस महायोजना में भूमि उपयोग, आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्र, परिवहन व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण, सार्वजनिक सुविधाओं और भविष्य के विकास की रूपरेखा प्रस्तावित की गई है। ऐसे में नागरिकों की आपत्तियों और सुझावों को सुनने के लिए यह जनसुनवाई प्रक्रिया महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

प्राधिकरण ने सभी प्रभावित नागरिकों, भूमि स्वामियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं तथा अन्य हितधारकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं संशोधित स्थान पर उपस्थित होकर अपने सुझाव एवं आपत्तियां प्रस्तुत करें, ताकि महायोजना को अधिक व्यावहारिक एवं जनहितकारी बनाया जा सके।

सभी सेक्टरों की सुनवाई प्रातः 11:00 बजे से प्रारंभ होगी।

सेक्टरवार सुनवाई कार्यक्रम

तिथि सेक्टर स्थान
06 जुलाई 2026 सेक्टर-1 रगुन स्पोर्ट्स एकेडमी, माता मंदिर रोड (संशोधित)
07 जुलाई 2026 सेक्टर-2 ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, क्लेमेंटटाउन
08 जुलाई 2026 सेक्टर-3 दून यूनिवर्सिटी, केदारपुरम
09 जुलाई 2026 सेक्टर-4 नगर निगम टाउन हॉल
10 जुलाई 2026 सेक्टर-5 महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज
13 जुलाई 2026 सेक्टर-6 लक्कीपुरिया फार्म, किशनपुर (संशोधित)
14 जुलाई 2026 सेक्टर-7 जीआरडी यूनिवर्सिटी, राजपुर रोड
15 जुलाई 2026 सेक्टर-8 इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ रिमोट सेंसिंग, कालिदास रोड (संशोधित)
17 जुलाई 2026 सेक्टर-9 पेट्रोलियम यूनिवर्सिटी, बिधोली
18 जुलाई 2026 सेक्टर-10 उत्तराखंड आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण (मीटिंग हॉल) (संशोधित)
20 जुलाई 2026 सेक्टर-11 पॉलिटेक्निक भवन, सुद्धोवाला
21 जुलाई 2026 सेक्टर-12 वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट, चंद्रबनी रोड

सचिव एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि संशोधित विज्ञप्ति के अनुसार संबंधित सेक्टरों की सुनवाई अब नए स्थलों पर आयोजित की जाएगी। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए संशोधित कार्यक्रम का अवलोकन कर निर्धारित स्थान पर समय से पहुंचें।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *