रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया है। विभाग की कार्रवाई के दौरान अब तक 17 खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि तीन प्रतिष्ठानों पर जुर्माना भी लगाया गया है। सहायक आयुक्त एवं जिला अभिहित अधिकारी मनोज सेमवाल ने बताया कि जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर चारधाम यात्रा मार्ग स्थित होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक पनीर, दूध, घी, मसाले, आटा, बेसन और खाद्य तेल समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के 21 नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला, रुद्रपुर भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में स्वच्छता संबंधी कमियां, एक्सपायरी खाद्य पदार्थों का भंडारण तथा बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार संचालित किए जाने जैसी अनियमितताएं सामने आईं। इन मामलों में 17 कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा पांच मामलों में न्यायालय में वाद भी दायर किए जा चुके हैं। जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय ने तीन मामलों में सुनवाई करते हुए दो प्रतिष्ठानों पर 25-25 हजार रुपये तथा एक प्रतिष्ठान पर 40 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। Post navigation नरेंद्रनगर मतदान केंद्र पर मंत्री सुबोध उनियाल और यूकेडी नेताओं के बीच विवाद, वीडियो वायरल प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल का जश्न मनाएगी उत्तराखंड सरकार, 12 से 14 जून तक राज्यभर में होंगे विशेष कार्यक्रम