जौलीग्रांट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक जगह-जगह हुआ अभिनंदन

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रथम उत्तराखंड दौरे पर राजधानी देहरादून पूरी तरह भाजपामय नजर आई। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय तक कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा, पारंपरिक स्वागत और गगनभेदी नारों के साथ उनका भव्य अभिनंदन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी वाहन में मौजूद रहे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार देवभूमि पहुंचे नितिन नवीन के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह दिखाई दिया। जौलीग्रांट एयरपोर्ट, हिमालयन अस्पताल चौक, कैलाश हॉस्पिटल, रिस्पना पुल, चंचल डेयरी, फव्वारा चौक, जोगीवाला और बलवीर रोड सहित दो दर्जन से अधिक स्थानों पर स्वागत मंच सजाए गए थे।

महिला कार्यकर्ताओं ने संभाली स्वागत की कमान

नेहरू कॉलोनी दया पैलेस चौक पर महिला कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। इस दौरान नितिन नवीन और मुख्यमंत्री धामी वाहन का दरवाजा खोलकर कुछ देर खड़े हुए और कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फोटो और वीडियो भी बनाए।

धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली और वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता हरीश डोरा सहित कई नेताओं ने भी स्वागत कार्यक्रम में भाग लिया। वहीं जोगीवाला चौक पर मेयर सौरभ थपलियाल की अगुवाई में भी जोरदार स्वागत किया गया।

पहाड़ी संस्कृति की झलक ने बढ़ाई कार्यक्रम की भव्यता

राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में उत्तराखंड की लोक संस्कृति की विशेष झलक देखने को मिली। जोगीवाला, नेहरू कॉलोनी, फव्वारा चौक और भाजपा प्रदेश कार्यालय के निकट मंचों पर उत्तराखंडी वेशभूषा में कलाकारों ने पारंपरिक पहाड़ी गीतों और नृत्यों की प्रस्तुति दी। कई स्थानों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला विशेष रूप से रुका और उन्होंने वाहन के भीतर से कलाकारों की प्रस्तुति का आनंद लिया।

“भारत माता की जय” और “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों से पूरा माहौल उत्साह और ऊर्जा से भर गया।

ट्रैफिक व्यवस्था रही सुचारु, नहीं लगा जाम

राष्ट्रीय अध्यक्ष की फ्लीट के बावजूद शहर में जाम जैसी स्थिति नहीं बनी। पुलिस और प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित किया। नेहरू कॉलोनी और अन्य प्रमुख चौराहों पर फ्लीट के पहुंचने से कुछ मिनट पहले ही यातायात रोका गया और उनके निकलते ही तुरंत रास्ते खोल दिए गए।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुआ ऐतिहासिक स्वागत

भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने से पहले भी बलवीर रोड पर विशेष मंच सजाया गया था, जहां कैबिनेट मंत्री खजानदास, राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा और भगवत प्रसाद मकवाना की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया।

प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर पुष्पवर्षा और नारों के बीच उनका ऐतिहासिक स्वागत किया गया। भाजपा महानगर उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ढिल्लों व्यवस्था संभालते नजर आए।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रवास संगठन को देगा नई ऊर्जा : मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के देवभूमि आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह प्रवास उत्तराखंड भाजपा संगठन को नया आयाम और नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कार्यकर्ताओं का स्वतःस्फूर्त उत्साह यह दर्शाता है कि राज्य के जन-जन में भाजपा और उसके नेतृत्व के प्रति अटूट विश्वास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा विकास योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प और सशक्त बनेगा।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जो उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *