मसूरी (देहरादून)। देवभूमि उत्तराखण्ड में स्थित आर्यम इंटरनेशनल फ़ाउंडेशन के तत्वावधान में संचालित भगवान शंकर आश्रम द्वारा माँ अन्नपूर्णा भंडारा कार्ड योजना के अंतर्गत जुलाई माह का निःशुल्क मासिक राशन 22 अति निर्धन एवं वंचित परिवारों को वितरित किया गया। वर्ष 2020 से संचालित यह सेवा अभियान परमप्रज्ञ जगद्गुरु प्रोफेसर पुष्पेंद्र कुमार आर्यम जी महाराज के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में निरंतर जारी है।

गुरुदेव आर्यम का दृढ़ विश्वास है कि समाज सेवा ही सच्ची आध्यात्मिक साधना है। उनकी प्रेरणा से भगवान शंकर आश्रम निरंतर समाज के उपेक्षित, असहाय एवं जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रहा है। उनका मानना है कि कोई भी निर्धन व्यक्ति भूखा न सोए, यही मानवता की सर्वोच्च सेवा है। इसी संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से माँ अन्नपूर्णा भंडारा कार्ड योजना का शुभारंभ किया गया, जो आज अनेक जरूरतमंद परिवारों तक नियमित रूप से अन्न पहुँचाकर उनके जीवन में आशा और सम्मान का संचार कर रही है।complite

आर्यम इंटरनेशनल फ़ाउंडेशन पिछले कई वर्षों से उत्तराखण्ड सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण से जुड़े अनेक जनहितकारी प्रकल्प संचालित कर रहा है। फ़ाउंडेशन का उद्देश्य केवल आध्यात्मिक जागरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुँचाना भी है। इसी भावना के अनुरूप भगवान शंकर आश्रम द्वारा संचालित यह भंडारा योजना लगातार विस्तार पा रही है, ताकि अधिक से अधिक वंचित परिवार इसका लाभ प्राप्त कर सकें और समाज में सेवा, करुणा एवं मानवता के मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

भंडारा कार्ड धारकों को उपलब्ध कराए जाने वाले राशन की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाता है। प्रत्येक पात्र परिवार को 15 किलोग्राम गेहूँ का आटा, 10 किलोग्राम चावल, 2 किलोग्राम काला चना, 2 लीटर सरसों का तेल सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री प्रदान की जाती है। जो परिवार अत्यधिक वृद्ध, बीमार अथवा किसी कारणवश आश्रम तक आने में असमर्थ हैं, उनके घर तक राशन पहुँचाने की व्यवस्था भी की गई है।

यह योजना विशेष रूप से उन वृद्धजनों के लिए संचालित की जा रही है जिन्हें उनके परिजनों ने त्याग दिया है, निराश्रित विधवाओं, दिव्यांगों, गंभीर रूप से बीमार एवं अत्यंत निर्धन परिवारों के लिए जीवन-रेखा सिद्ध हो रही है। आश्रम प्रबंधन के अनुसार, निकट भविष्य में इस सेवा अभियान का विस्तार अन्य क्षेत्रों में भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुँचाई जा सके।

इस अवसर पर हरीश त्यागी, सोमलता दलाल, अजय त्यागी, राजेन्द्र कुमार, अंशित वर्मा, प्रीतेश आर्यम, संतोष, सतीश, अरविंद शर्मा, अंजलि सोनकर, रुचि, रीना चौहान, कविता मलिक, रेणु सचदेवा एवं इंदिराबेन मिश्रा सहित अनेक सहयोगियों ने सेवा कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *