14 Mar 2025, Fri

चमोलीः बद्रीकेदार मंदिर समिति के अध्यक्ष व पूर्व जिला अध्यक्ष मोहनलाल थपलियाल की हादसे में मौत

चमोली। उत्तराखंड भाजपा चमोली के दो नेताओं की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। पीपलकोटी के पास हुए सड़क हादसे में भाजपा के वरिष्ठ नेता, बद्री केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष व पूर्व जिला अध्यक्ष मोहनलाल थपलियाल एवं ओबीसी मोर्चा के चमोली के जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जोेशीमठ निवासी भाजपा के वरिष्ठ नेता और श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल और भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष कुलदीप चौहान शनिवार को पार्टी की बैठक में शामिल होने के बाद कर्णप्रयाग से जोशीमठ जा रहे थे। दोनों नेता रविवार शाम तक घर नहीं पहुंचे और न ही उनसे किसी का संपर्क हो पा रहा था। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीम शवों ढूंढने के अभियान में जुटी हुई है।  दोनों नेताओं की मौत की खबर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई, जिसके बाद भाजपा में शोक की लहर दौड़ पड़ी।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने  कहा कि चमोली जिले के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं बद्री केदार मंदिर समिति के निवर्तमान अध्यक्ष श्री मोहन प्रसाद थपलियाल जी के असामयिक निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। उनके जैसे जीवंत सांस्कृतिक व्यक्तित्व का निधन क्षेत्र एवं पार्टी के साथ ही मेरे लिए निजी क्षति भी है। मैं ईश्वर से पुण्य आत्मा की शांति तथा परिजनों एवं मित्रजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मोहन प्रसाद थपलियाल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि- पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा चमोली, निवर्तमान बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष तथा वर्तमान में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य श्री मोहन प्रसाद थपलियाल जी एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा चमोली के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह चौहान जी के आकस्मिक निधन का समाचार सुनकर अत्यंत दुःख हुआ। परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को संबल दें। दुःख की इस घड़ी में हम सब उनके साथ हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने  दोनों भाजपा नेताओं की मौत पर शोक व्यक्त किया है । उन्होंने कहा उनके निधन से भाजपा व समाज को अपूर्णीय क्षति हुई है। इसकी पूर्ति सम्भव नहीं है। बद्रीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट, भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री  अजय कुमार ने शोक व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *