देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने प्रदेश के सभी पंचायत प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विकास में पंचायती राज संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। वर्तमान में कोरोना वायरस के संक्रमण के संकट में सभी पंचायत प्रतिनिधियों ने जिस जागरूकता का परिचय देते हुए अपनी भूमिका का निर्वहन किया है, उसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है। अगर आप सभी का सक्रिय सहयोग नहीं होता तो इस आपदा को नियंत्रित करना बहुत मुश्किल होता। अपने निजी और पारिवारिक काम छोड़कर जिस तरह से पंचायत प्रतिनिधियों ने सक्रियता दिखाई उसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। परंतु कोरोना के खिलाफ लङाई लम्बी है। जागरूकता बनाए रखनी है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन खुद भी करना है और दूसरों को भी इसके लिए समझाना है। हम सभी एकजुट रहे तो निश्चित रूप से कोरोना हारेगा, भारत जीतेगा। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस पर 24 अप्रैल को कुछ पंचायत प्रतिनिधियों से बात करेंगे। वे इस दौरान ई- ग्राम स्वराज एप्लीकेशन लांच करेंगे। साथ ही नई सेंट्रल सेक्टर स्कीम ’स्वामित्व’ भी प्रारंभ की जाएगी। पायलट आधार पर देश के आठ राज्यों में इसे शुरू किया जा रहा है। हमारे लिए खुशी की बात है कि इनमें उत्तराखंड भी शामिल है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *