उत्तराखंड

गूलर घाटी में निर्माणाधीन फोर लेन पुल गिरा, एक की मौत

ऋषिकेश/देहरादून। उत्तराखंड के बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऋषिकेश से लगभग 5 किलोमीटर दूर गूलर घाटी के निकट निर्माणाधीन फोर लेन पुल के गिरने से काम कर रहे 14 मजदूर घायल हो गए हैं। जबकि एक की मौत हो गयी। चार की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें जिला चिकित्सालय ले जाया गया है। दस घायलों को एम्स (ऋषिकेश) में उपचार के लिए भर्ती किया गया है।

जानकारी के अनुसार पुल के गिरने से पुल पर काम कर रहे मजदूर रियाज, 40 पुत्र मेहंदी हसन निवासी, डिडोली, अमरोहा उत्तर प्रदेश की एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई है। जबकि 14 मजदूर घायल हो गए। घायलों को एसपीएस राजकीय चिकित्सालय और एम्स में भर्ती कराया गया। जहां घायलों का उपचार चल रहा है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गूलर के पास निर्माणाधीन पुल क्षतिग्रस्त होने और इससे हुई दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस घटना को दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

यह हादसा रविवार शाम करीब सात बजे हुआ। पुलिस और आपदा प्रबंधन दल ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। मौके पर पहुंची थाना मुनिकीरेती पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने घायलों को मलबे से बाहर निकाला। चार मजदूर मन्नान 20 पुत्र बुरहान, कादिर 24 पुत्र जमशेर, महताब 28 पुत्र शमशाद, मुस्तफा 24 पुत्र कयूम सहारनपुर निवासी को एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जहां उनका प्राथमिक उपचार करने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें भी हायर सेंटर एम्स रेफर कर दिया। थाना मुनिकीरेती प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि गूलर में ऑलवेदर का करीब 90 मीटर पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। पुल के 45 मीटर पर पहले ही लेंटर पड़ चुका था, रविवार को शेष 45 मीटर पुल पर लेंटर का काम चल रहा था। पुल की अचानक सेट्रिंग टूट गई। जिसके चलते निर्माणधीन पुल ढह गया। पुल पर मेठ के अनुसार 15 मजदूर काम कर रहे थे। पुल के अचानक हिलने पर एक मजदूर सुरक्षित बच गया। जबकि शेष 14 मजदूर पुल के साथ नीचे गिर गए। बदरीनाथ राजमार्ग पर गूलर के समीप टूटा निर्माणधीन पुल का निरीक्षण विभागीय टीम सोमवार को करेगी।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *