देहरादून। प्रेमनगर में सुनार ने जेवरात बनाने के नाम पर एक व्यक्ति से 80 हजार रुपये ले लिए। बाद में दुकान बंद कर भाग गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित सुनार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सरोप सिंह पुत्र स्व. कांति सिंह निवासी अंबीवाला ने प्रेमनगर थाने में तहरीर सौंप कर बताया कि उनकी बेटी के लिए जेवरात बनाने के लिए नेगी ज्वेलर्स के मालिक जय प्रकाश नेगी पुत्र स्व. रंजीत सिंह नेगी से बात की थी।
उसका शोरूम प्रेमनगर मार्केट में किराये की दुकान में चल रहा था। बीती 13 अक्टूबर को उन्होंने सुनार जय प्रकाश नेगी को 80 हजार रुपये नकद दिए थे। इस रकम की रसीद ले ली थी। वह 25 अक्टूबर को धनतेरस पर जेवरात लेने पहुंचेतो देखा कि दुकान बंद है। जब आसपास वालों से पूछताछ की तो पता चला कि वह दुकान बंद कर भाग गया है। बाद में यह भी पता चला कि उस पर कई लोगों की देनदारी है, जिससे वह दुकान बंद कर भाग गया। प्रेमनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र रौतेला ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुनार जय प्रकाश नेगी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *