देहरादून। उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने पुनः एक नई पहल प्रारंभ की है। वे उत्तराखंड के विशिष्ट महानुभावों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद करेंगे। कोरोना संकट से जुड़ीं समस्याओं पर चिंतन कर उसके समाधान हेतु एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

हाल ही में बलूनी ने पीएम केयर्स फंड में सहयोग देने के लिए एक श्रृंखला प्रारंभ की थी जिसमें उत्तराखंड के अनेक विशिष्ट महानुभावों ने सहयोग किया था। अनेक सज्जनों द्वारा दान की राशि सार्वजनिक न करने का अनुरोध किया गया था इसलिए केवल उनके नाम संसद बलूनी द्वारा अपनी फेसबुक पोस्ट पर साझा किए जाते थे।

आज सांसद बलूनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तराखंड के पद्म सम्मान प्राप्त प्रसिद्ध गीतकार पद्मश्री प्रसून जोशी, पर्यावरणविद पद्मभूषण श्री अनिल जोशी, प्रसिद्ध आयुर्वेद चिकित्सक पद्मश्री वैद्य बालेन्दु, लोकप्रिय जागरगायक पद्मश्री प्रीतम भरतवाण और प्रख्यात फोटोग्राफर पद्मश्री अनूप शाह से संवाद किया।

सांसद बलूनी ने कहा कि लॉकडाउन के कारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा ही संवाद संभव था, इसलिए उन्होंने यह क्रम प्रारंभ किया है। वह भविष्य में कृषि, बागवानी, उद्योग, शिक्षा, पर्यटन, सेवा एवं स्वरोजगार आदि क्षेत्रों के विशेषज्ञ से चर्चा करेंगे। सांसद ने कहा कि वह इन सभी संवादों के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगे। राज्य सरकार से संबंधित सुझाव राज्य सरकार को एवं भारत सरकार से संबंधित सुझाव भारत सरकार को प्रेषित करेंगे और जो विषय उनके स्तर के हैं उसके लिए वे निजी पर समाधान का प्रयास करेंगे।

 

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *