देहरादन/पौड़ी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की सरगर्मियां बढ़ते ही प्रदेश भर में शराब तस्करी की आशंका भी बढ़ गई है। चुनावों में शराब का इस्तेमाल कोई नई बात नहीं है, इसलिए पुलिस-प्रशासन भी इसे लेकर सतर्क है। पौड़ी के सतपुली इलाके में पुलिस ने अवैध शराब का जखीरा बरामद किया है।
 कोटद्वार से 55 किलोमीटर दूर पुलिस ने बीती देर रात चेकिंग के दौरान एक ट्रक से एक-दो नहीं 420 पेटी अवैध शराब बरामद की। पुलिस के अनुसार शराब की पेटियां आलू की बोरियों के नीचे छुपाकर सप्लाई की जा रही थीं। अवैध शराब से लदा ट्रक गुमखाल से सतपुली की ओर जा रहा था। पुलिस ने अवैध शराब को जब्त कर ट्रक को सीज कर दिया है जबकि ट्रक ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। पौड़ी के एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर ने कहा कि त्रिस्तरीय चुनाव में शराब का इस्तेमाल हो सकता है, इसलिए पुलिस आजकल विशेष सतर्कता बरत रही है। बीती देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने इस ट्रक को रोका तो देखा कि आलुओं के नीचे शराब की पेटियां रखी हुई थीं। एसएसपी ने बताया कि अवैध शराब को लेकर लगातार चेकिंग की जा रही है और इसके लिए आबकारी और राजस्व विभाग का भी सहयोग लिया जा रहा है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *