हरिद्वार। भगवानपुर तहसील क्षेत्र में संदिग्ध बुखार से मौत का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। संदिग्ध बुखार से बुधवार को चार और लोगों की मौत हो गई है। इस तरह अब तक बुखार से 20 लोगों की मौत हो चुकी है।
भगवानपुर तहसील क्षेत्र में संदिग्ध बुखार से ग्रामीणों की मौत हो रही है। अभी तक तो बुखार का असर छापुर और सिकंदरपुर गांव में ही था। दोनों गांव में 16 लोगों की मौत हो चुकी है। अब बुखार से दूसरे गांव में भी मौत की खबरें आ रही हैं। छापुर गांव से सटे चैल्ली शहाबुद्दीनपुर गांव में संदिग्ध बुखार से सारिक (10 वर्ष) की मौत हो गई। सारिक को चार दिन से बुखार आ रहा था। उसका रुड़की के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। मंगलवार देर रात उसे देहरादून रेफर कर दिया गया। बीच रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके अलावा इसी गांव की रिजवाना (26 वर्ष) को मंगलवार को बुखार हुआ और रात के समय उसकी मौत हो गई। वहीं, गांव में एक माह के शिशु की मौत की खबर है। इसे भी एक दिन पहले बुखार आया था। इधर, मोहितपुर गांव निवासी आठ वर्षीय बालिका आयुषी को तीन दिन पहले बुखार आया था। इसके बाद उसके गले में इंफेक्शन हो गया था। उसे एक अस्पताल में उपचार दिलाया जा रहा था। मंगलवार को उसे देहरादून के लिए रेफर किया गया था। उसकी भी बीच रास्ते में मौत हो गई। अब तक भगवानपुर तहसील क्षेत्र में संदिग्ध बुखार से 20 लोगों की मौत हो चुकी है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed