देवप्रयाग। केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर में संस्कृत की राज्यस्तरीय शास्त्रीय स्पर्धाएं 10 मार्च से आरंभ हो रही हैं। इनमें राज्यभर के संस्कृत विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के छात्र भाग लेंगे। समापन 12 मार्च को होगा।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ.अनिल कुमार ने बताया कि केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय सर साल राज्यस्तरीय शास्त्रीय स्पर्धाओं का आयोजन करता है। कोविड-19 के कारण इस बार प्रतियोगिता विलंब से हो रही है।
डॉ.अनिल कुमार के अनुसार इन स्पर्धाओं के अंतर्गत श्रीमत् भगवतगीता कण्ठपाठ, अष्टाध्यायी, अमरकोष, काव्यकण्ठ पाठ, धातुकण्ठ पाठ, भाषण, श्लाका एवं अक्षरश्लोकी प्रतियोगिताएं होंगी। अलग-अलग स्पर्धाओं में प्राक्शास्त्री (11वीं) से लेकर आचार्य (एमए) तथा पीएचडी के छात्र भाग ले सकते हैं। राज्यस्तरीय स्पर्धा में विजेता रहने वाले छात्र राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाओं में भाग लेने जाएंगे। इस राज्यस्तरीय स्पर्धा में भाग लेने के लिए छात्रों का देवप्रयाग पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। स्पर्धाओं के लिए पतंजलि गुरुकुल मुल्यागांव, गुरुकुल पौंधा, देहरादून, हल्द्वानी इत्यादि के अनेक छात्रों ने पंजीकरण कराया है। स्पर्धाओं के निर्णायक प्रसिद्ध विषय विशेषज्ञ होंगे। बच्चों के भोजन व ठहरने की उचित व्यवस्था परिसर की ओर से निःशुल्क की गयी है।
निदेशक प्रो.विजयपाल शास्त्री ने बताया कि हमारे परिसर के अधिकांश छात्र इन स्पर्धाओं में भाग लेकर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शास्त्र संरक्षण की दृष्टि से ये स्पर्धाएं महत्त्वपूर्ण होती हैं।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *