उत्तराखंड

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया स्वामी विवेकानंद धमार्थ चिकित्सालय का लोकार्पण 

-चिकित्सालय में दो डाॅक्टर स्थायी रूप से रहेंगे तैनात, पैरामेडिकल सहित 25 का होगा स्टाॅफ
रुद्रप्रयाग। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, हंस फाउण्डेशन के भोले जी महाराज और माता मंगला ने बेस कैम्प में स्वामी विवेकानन्द धमार्थ चिकित्सालय का लोकार्पण किया। केदारनाथ में स्वामी विवेकानन्द धमार्थ चिकित्सालय की ओर से तीर्थ यात्रियों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा दी जा रही है।  चिकित्सालय का संचालन स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी देहरादून द्वारा किया जा रहा है। 12 बैड के चिकित्सालय में दो डाॅक्टर केदारनाथ में स्थायी रूप से रहेंगंे और अस्पताल में डाॅक्टर व पैरामेडिकल सहित कुल 25 लोगों का स्टाॅफ है। अस्पताल में सभी प्रकार की जांच, एक्स-रे, वेन्टीलेटर, इन्टेन्सिव केयर यूनिट (आईसीयू) व अन्य सुविधाएं मिलेंगी। अस्पताल में महिला, पुरूष व आईसीयू वार्ड अलग-अलग हैं। सोमवार को उत्तराखण्ड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत केदारनाथ पहुंचे। केदारनाथ धाम के दर्शन करने के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने चिकित्सालय का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ आने वाले भक्तों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें नहीं होंगी। चिकित्सालय में हर समय दो चिकित्सक तैनात रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने केदारनाथ के दर्शन करने के अलावा केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ धाम सहित चारों धामों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। केदारनाथ में आक्सीजन की भी व्यवस्था की की गई है। केदारनाथ में मास्टर प्लान के तहत कार्य किये जा रहे हैं। ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्य में कोई बाधा न आये। इस अवसर पर जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल, एसपी अजय सिंह, आरएसएस के डाॅक्टर कृष्ण गोपल, डाॅक्टर दिनेश सिंह, डाॅक्टर अभिनव असवाल मौजूद थे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *