देहरादून। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू करने के कारण बड़े संघर्ष के खतरे के बीच भारत, यूक्रेन से अपने नागरिकों को निकालने के लिये वैकल्पिक वायु मार्ग सक्रिय करने सहित आकस्मिक योजना पर काम कर रहा है।
वहीं, यूक्रेन में फंसे उत्तराखण्ड के नागरिकों की सुरक्षा के लिए उत्तराखण्ड शासन ने निर्देश जारी किए हैं। वर्तमान में यूक्रेन में राजनीतिक एवं सामरिक परिस्थितियां अत्यंत संवेदनशील हो गई हैं। उत्तराखण्ड से शिक्षा एवं व्यवसाय के लिए राज्य के कई नागरिक यूक्रेन में निवासरत है। जिसे देखते हुए उत्तराखंड शासन ने इनकी सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई है।
प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने समस्त जनपदों के जिला मजिस्ट्रेट व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को अपने-अपने जनपदों के यूक्रेन में फंसे नागरिकों का विवरण ( उनका नाम, उत्तराखंड राज्य एवं यूक्रेन में पता, मोबाइल नम्बर, ई मेल, पासपोर्ट नम्बर इत्यादि प्राप्त कर तत्काल प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं।
ताकि उनकी सुरक्षा के सम्बंध में विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही की जा सके। साथ ही सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि यदि यूक्रेन में आपका कोई परिजन अथवा संबंधी/परिचित है तो उनके संबंध में अपेक्षित सूचना 112 पर भी दे सकते हैं। उत्तराखंड के कई छात्र यूक्रेन में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। इनमें राजधानी देहरादून के छात्र भी हैं। लगातार खराब होते हालात के कारण छात्रों के अभिभावक परेशान हैं।
इसी बीच सीएम पुष्कर सिंह धामी ने एक ट्वीट किया है। जिसमें उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा को लेकर लगातार विदेश मंत्रालय से संपर्क किया जा रहा। सीएम अभिभावकों से धैर्य रखने और केंद्र से संपर्क कर हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया।
इससे पूर्व बुधवार को युद्ध की आशंका के बीच यूक्रेन में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों की वापसी के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री कार्यालय से संपर्क साधा। उन्होंने कहा कि राज्य के एक-एक नागरिक को सकुशल लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भारतीय नागरिकों को लाने का अभियान शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस संबंध में विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से भी बात की गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय और विदेश मंत्रालय की ओर से आश्वस्त किया गया है कि भारतीय छात्रों व नागरिकों को सकुशल वापस लाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूक्रेन में मौजूद उत्तराखंड राज्य के नागरिकों की जानकारी जुटाई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, उत्तराखंड के कई छात्र यूक्रेन की राजधानी कीव, लिवीव और खारकीव शहरों में मेडिकल की पढ़ाई के लिए गए हैं। इनमें राजधानी देहरादून के छात्र भी हैं। वहां के लगातार खराब होते हालात के कारण इन छात्रों के अभिभावकों में चिंता व्याप्त है।
Tagged:#Russo-Ukraine War #Instructions to District Magistrates to provide list of people trapped in Ukraine relatives can give information on this number