हरिद्वार। हरिद्वार में सिडकुल क्षेत्र में किराए पर रह रही बिजनौर की युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी लेबर कांट्रेक्टर, उसके भाई और तीन दोस्तों के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
बिजनौर निवासी एक युवती यहां सिडकुल क्षेत्र के एक गांव में किराए पर रहती है। एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत युवती कुछ समय पूर्व फार्मा कंपनी में नौकरी तलाश कर रही थी। आरोप है कि एक फार्मा कंपनी के बाहर उसकी मुलाकात एक युवक से हुई। उसने युवती को बताया कि वह उसी कंपनी का लेबर कांट्रेक्टर है और उसकी जल्द ही नौकरी लगवा सकता है। इस पर युवती ने अपना मोबाइल नंबर युवक को दे दिया। कुछ समय बाद युवक ने जल्द नौकरी लगने की बात कहकर उसकी नौकरी छुड़वा दी। नजदीकी बढ़ने परयुवक ने उसे अपने व्यवसाय में साझेदार बनाने का झांसा देकर कुछ रकम भी ले ली। आरोप है कि युवक ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। उसे देहरादून और ऋषिकेश घुमाने भी ले गया। यहां अलग-अलग होटलों में नशीला पदार्थ खिलाकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो और फोटो भी खींच लिए। आरोप है कि युवती ने शादी का दबाव बनाया तो वह लॉकडाउन में बिजनेस में घाटे की बात कहकर मुकर गया। यही नहीं, होटल में बनाई गई अश्लील वीडियो और फोटो उसने अपने भाई को दे दिए। उसने भी वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। आरोप है कि कुछ दिन पूर्व उसने युवती को कलियर बुलाकर अपने तीन साथियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। एसओ प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि कांट्रेक्टर अहबाब अली, उसके भाई शहजाद निवासी गांव कोटा माछरहेड़ी पिरान कलियर, उनके दोस्त हनीस, हुसैन और वसी के खिलाफ दुष्कर्म, हत्या की धमकी देने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सामूहिक दुष्कर्म के प्रकरण में पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। इसकी वजह दोनों पक्षों का अलग-अलग समुदाय से जुड़ा होना है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने खुद सिडकुल थाने पहुंचकर पीड़िता से मुलाकात की थी ओर घटनाक्रम की जानकारी ली थी। पीड़िता को सुरक्षित स्थान पर रखकर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
जंगल में मिला युवती का शव, हत्या की जताई जा रही आशंका
काशीपुर। मानपुर फिरोजपुर से सटे जंगल में 20 साल की युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को युवती के गर्दन पर निशान मिला है। पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
मृतका के चोट के निशान देखकर पुलिस आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या के बाद लाश को जंगल में फेंक दिया गया है। बताया जा रहा है कि फिरोजपुर गांव की महिलाएं घास काटने के लिए जंगल में गई थीं। इसी दौरान हेमपुर डिपो के कैंट एरिया से लगे जंगल में युवती का शव देख महिलाएं दहशत में आ गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके में शव का शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाई। सीओ काशीपुर मनोज कुमार ठाकुर के मुताबिक युवती के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
——————————————-





