देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। भारी बर्फबारी से पहाड़ से मैदान तक हाड़ कंपाने वाली ठंड बढ़ गई है। शुक्रवार सुबह नैनीताल, धनोल्टी, औली और चकराता में बर्फबारी से और भी ठंड बढ़ गई। वहीं सुबह हुई बर्फबारी के बाद से ही औली, गंगोत्री-यमुनोत्री मार्ग बंद हो गए हैं। चमोली और उत्तरकाशी में कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया है। उधर, पिथौरागढ़-घाट मोटर मार्ग दिल्ली बैंड के पास चट्टान गिरने से बंद हो गया है। मुनस्यारी-थल मार्ग भी बर्फबारी के कारण मार्ग बंद है। धानाचूली में बर्फबारी के चलते लोहाघाट-देवीधुरा मोटर मार्ग बंद होने से रोडवेज की 3 बसें रास्ते में फंस गई हैं। पहाड़ों की रानी मसूरी में शुक्रवार को मौसम में बदलाव हुआ है। तापमान में गिरावट आने से अचानक ठिठुरन बढ़ गई है। चमोली जिले में बदरीनाथ धाम के साथ ही हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, गौरसों बुग्याल, औली सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दिनभर रुक-रुककर बर्फबारी होती रही जो कि शुक्रवार को भी जारी रही। गैरसैंण में भी शुक्रवार सुबह से बर्फबारी हुई। भराड़ीसैंण में विधानसभा भवन एवं परिसर के आसपास करीब 6 फीट तक बर्फ पड़ी है। यहां पूरे क्षेत्र में चारों तरफ कोहरा छाया है। पौड़ी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई जमकर बर्फबारी पौड़ी। जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शुक्रवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई। बर्फबारी और बारिश से शुक्रवार को पूरे दिनभर आमजनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। शुक्रवार को जिले के थलीसैंण, चैंरीखाल, चाकीसैंण, खिर्सू, धुमाकोट, जडाऊखांद, गुजडूगढ़ी, दीवागढ़ी आदि क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। सीजन की पहली बर्फबारी से किसानों व पर्यटकों के चेहरे खिले हुए है। पौड़ी के मांडाखाल, बुआखाल आदि स्थानों पर भी सुबह को हल्की बर्फबारी हुई। शुक्रवार को दिनभर पौड़ी में रुक-रुक कर बारिश होती रही। सीजन की पहली बर्फबारी व बारिश से किसानों के चेहरे भी खिले हुए है। मुख्य कृषि अधिकारी डा.आरएस राणा किा कहना है सीजन की यह पहली बर्फबारी है। यह बर्फबारी व बारिश रबी की फसलों के लिए लाभदायक साबित होगी। 6 मोटरमार्गों पर आवाजाही होती रही प्रभावितशुक्रवार को जिले में बर्फबारी से 6 मोटरमार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती रही। इन मोटरमार्गों पर बर्फबारी होने से लोगों को आवाजाही करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इन मोटरमार्गों पर जेसीबी की मदद से यातायात सुचारू करने के प्रयास होते रहे। बर्फबारी से राज्यमार्ग मरचूला-सराईखेत-बैजरो-सतपुली, थलीसैंण -बूंगीधार-मरचूला, अन्य जिला मार्ग रिखणीखाल-बीरोंखाल-थलीसैंण, थलीसैंण-चैंरीखाल-चिपलघाट, दमदेवल-चैंरीखाल, एनएच 121 पर नैनीधार-सलोनधार मार्ग पर बर्फबारी के चलते आवाजाही प्रभावित रही। इन स्थानों यातायात सुचारू करने के लिए जेसीबी मशीनों द्वारा प्रयास जारी रहे। बर्फबारी से काशीपुर-बुआखाल हाइवे दीवा के पास बाधित होता रहा। जिससे कई वाहन जड़ाऊखांद के पास खड़े रहे। बर्फबारी और बारिश के चलते आमजनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। पौड़ी में सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश होती रही। बारिश से पूरे दिनभर आमजनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। वहीं डीएम पौड़ी धीराज सिंह गब्र्याल ने बर्फबारी व बारिश को देखते हुए जिले के सभी एसडीएम व संबंधित अधिकारियों को सक्रियता से तैनात रहने के निर्देश दिए है। Post navigation सीएम ने लिया भोजपुरी फिल्म ‘‘जान’’ का मुहुर्त शाॅट उक्रांद ने नियुक्त किए जिला प्रभारी, कार्यकारिणी का विस्तार