बागेश्वर। बागेश्वर में मंडलसेरा में घास के प्लाट में झाड़ियों को जला रही बुजुर्ग महिला आग की चपेट में आ गई। आग के संपर्क में आते ही वह गंभीर रूप से झुलस गई। महिला को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया।
बुधवार सुबह करीब आठ बजे मंडलसेरा निवासी शांति देवी (60) पत्नी दीवान सिंह घर के पास घास के प्लाट में कंटीली झाड़ियों को जला रही थी। इसी दौरान वह आग की चपेट में आ गई। शांति देवी जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। परिवार और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह आग बुझाई। तब तक महिला बुरी तरह जल चुकी थी। लोग महिला को गांव के ही जिला अस्पताल लेकर गए। डॉ. प्रदीप चैधरी ने महिला का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन महिला की हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इस दौरान अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि महिला 80 से 90 प्रतिशत तक जल चुकी थी।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *