पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में दर्दनाक हादसे में  बारातियों से भरी बस गहरी खाई में गिर गई। धुमाकोट क्षेत्रान्तर्गत बारात की बस गहरी खाई में गिरने से यात्रियों की चीख पुकार मच गई। बीरोंखाल में सिमरी के पास 45 से 50 लोगों को लेकर जा रही एक बस खाई में गिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हो गई। वहीं, बचाव कार्य के लिए भी टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। घटना के तुरंत बाद एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू के लिए रवाना हो गई है। बस हादसा धुमाकोट से 70 किमी आगे सिमरी गांव के पास हुआ है। मृतकों और घायलों की संख्या का पता नहीं चल पाया है।
हादसे के वक्त बारातियों से भरी बस, लालढांग हरिद्वार से काड़ागांव, पौड़ी जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में 40 के करीब यात्री सवार थे। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर को जनपद हरिद्वार के लालढांग क्षेत्र से एक बस बारातियों को लेकर बीरोंखाल ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम कांडा के लिए निकली थी।
लेकिन देर शाम को अंधेरे में घिरोली पुल से आगे सिमडि इंटर कॉलेज के निकट बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने और पुलिस टीम ने रेस्क्यू आपरेशन शुरु कर दिया था। क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप रावत ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही डीएम, एसएसपी को तत्काल एक्शन लेने को कहा।
पुलिस-प्रशासन की ओर से राहत व बचाव कार्य किया जा रहा है, लेकिन अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू टीम को परेशानी हो रही है। पौड़ी जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे और एसएसपी यशवंत सिंह चौहान भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। विधायक रावत ने बताया कि वह स्वयं पूरे मामले में नजर बनाए हुए हैं।
सीएम धामी ने ट्वीट करते हुए बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें घटनास्थल पर रेस्क्यू में जुटी हैं। हम सभी सुविधाएं दुर्घटनास्थल तक पहुंचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। बचाव अभियान में स्थानीय ग्रामीण भी मदद कर रहे हैं।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed