देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जीत दिलाने वाले पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लगातार दूसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली जिसके साक्षी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्री और अनेक राज्यों के मुख्यमंत्री बने। देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित एक भव्य समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने धामी को उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। धामी के मंत्रिमंडल में जगह पाने वाले आठ मंत्रियों ने भी शपथ ली, जिसमें से पांच सतपाल महाराज, गणेश जोशी, धनसिंह रावत, सुबोध उनियाल और रेखा आर्य भाजपा नीत पूर्ववर्ती सरकारों का भी हिस्सा रहे हैं। धामी मंत्रिमंडल में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल सहित तीन नए चेहरों को भी जगह दी गयी है। मंत्रिमंडल में स्थान पाने वाले दो अन्य नए चेहरे सौरभ बहुगुणा और चंदन रामदास हैं। सौरभ पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के पुत्र हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के राज्याभिषेक में बुधवार को पीएम मोदी सहित कई बड़े दिग्गज शामिल हुए। दोपहर 2.30 बजे शपथ ग्रहण समारोह शुरू हुआ, लेकिन इससे पहले मंत्रिमंडल को लेकर असंमजस की स्थिति बनी रही। सुबह सीएम आवास पर बैठक हुई, जिसके बाद मंत्रिमंडल में आठ नामों को जगह मिलने की पुष्टि हुई। वहीं भाजपा ने पूर्व सीएम बीसी खंडूडी की बेटी रितु खंडूरी को स्पीकर बनाने की घोषणा कर उत्तराखंड के राजनैतिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा। वह प्रदेश की पहली महिला स्पीकर होंगी।
इस मेगा इवेंट में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, असम के सीएम हिमंत बिस्वा, गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल समेत भाजपा शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री पहुंचे। साथ ही केंद्रीय मंत्री भी शामिल हुए। शपथ ग्रहण समारोह में वीआईपी मेहमानों के साथ बड़ी संख्या में लोग परेड ग्राउंड मैदान में पहुंचे। 2.30 बजे प्रधानमंत्री मोदी के पहुंचते ही शपथ ग्रहण समारोह शुरू हुआ।
मुख्यमंत्री धामी ने गंगा पूजन और आरती में भाग लिया
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में शपथ लेने के बाद हरिद्वार हरकी पैड़ी पहुंचकर गंगा पूजन किया और गंगा आरती में भाग लिया। हरिद्वार के तीर्थ पुरोहितों और साधु-संतों ने पुष्कर सिंह धामी को आशीर्वाद दिया और मां गंगा से कामना की कि वे उत्तराखंड में पूरे पांच साल तक राज करें। वहीं धामी ने गंगा मैया से प्रार्थना की कि उन्हें उत्तराखंड का विकास करने और गरीबों की सेवा करने की शक्ति प्रदान करें। यहां उन्होंने गंगा सभा के अध्यक्ष पंडित प्रदीप झा, महामंत्री तन्मय, वशिष्ठ गंगा सभा के सभापति पंडित कृष्ण कुमार, ठेकेदार नानी वाणी पंचायती अखाड़े के सचिव महेंद्र रविंद्र पुरी, विधायक आदेश चौहान, पूर्व विधायक संजय गुप्ता स्वामी यतींद्र आनंद ,पूर्व महापौर नगर निगम हरिद्वार मनोज गर्ग आशुतोष शर्मा आदि से मुलाकात की।
Tagged:pushkar dhami sapathpushkar singh dhamipushkar singh dhami cmpushkar singh dhami oathpushkar singh dhami oath taking ceremonypushkar singh dhami swearing in ceremonyuttarakhand chief minister oath taking ceremonyuttarakhand cm oath taking ceremonyUttarakhand cm pushkar singh dhamiuttarakhand cm swearing ceremonyuttarakhand cm swearing in ceremonyपुष्कर सिंह धामी