देहरादून। त्योहारी सीजन शुरू हो गया है। इस बार 25 अक्टूबर को धनतेरस और 27 अक्टूबर को दीपावली मनाई जानी है। ऐसे में बाजारों में अभी से भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चैबंद कर लिया है। वहीं बाजार क्षेत्र को जीरो जोन घोषित कर ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। इसके अलावा अग्निशमन विभाग को अलर्ट पर रखा गया है। दीपावली को देखते हुए पुलिस-प्रशासन अपनी तैयारियां पूरी होने के दावे कर रहा है। पूरे शहर की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा सादी वर्दी में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। बाजार क्षेत्र में भीड़ को देखते हुए जीरो जोन घोषित किया गया है, जिस कारण अगले चार दिनों तक शहर में किसी भी बड़े वाहन के प्रवेश पर प्रतिबंध किया गया है। शहर में जाम की स्थिति ना पैदा हो इसको लेकर रोडमैप भी तैयार कर दिया गया है। एसएसपी अरूण मोहन जोशी ने बताया कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भीड़ वाले इलाकों की निगरानी कर रही है। इसके अलावा दीपावली और धनतेरस पर पुलिस के अतिरिक्त जवानों की भी तैनाती की जाएगी। साथ ही भीड़भाड़ और बाजार वाले क्षेत्रों में पटाखों की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है। एसएसपी ने बताया कि इसके अलावा अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है।





