टिहरी। जनपद में कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य महकमा होम क्वारंटाइन पर रखे व्यक्तियों की लगातार स्क्रीनिंग कर रहा है। जिला मुख्यालय पर स्थापित कोविड-19 कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को कोरोना संक्रमण का कोई सैंपल जांच को नहीं भेजा गया है। अब तक लिए गए कुल 37 सैम्पल की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। बीते रविवार को जनपद में प्रवेशित कुल 807 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई। इसी के साथ कुल स्क्रीनिंग का आंकड़ा 20762 हो गया है।
होम क्वारंटाइन पर रखे व्यक्तियों की संख्या 14 है। जबकि 505 ने 28 दिन आर्ब्जवेशन पीरियड पूरा कर लिया है। सर्दी-जुखाम जैसे सामान्य लक्षण के चलते सीएचसी हिण्डोला खाल में 3 लोगों को ऐहतियानत आइसोलेशन पर रखा गया है। जनपद में संस्थागत क्वारंटाइन पर रखे व्यक्तियों की संख्या 30 है। जनपद के 5 राहत शिविरों में कुल 151 व्यक्तियों को ठहराया गया है। जिनके भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य व मनोरंजन की व्यवस्था भी की गई है। स्वास्थ्य उपकरणों में 1 वेंटीलेटर, 1498 पीपीई किट, 1648 एन-95 मास्क, 54022 थ्री लेयर्ड मास्क, 122 ऑक्सिजन सिलेंडर, 20 कोविड समर्पित एम्बुलेंस शामिल है। निराश्रितों व बेसहारा व्यक्तियों में 37 राशन पैकेट तथा 2101 व्यक्तियों के भोजन की व्यवस्था की गई। जनपद में अब तक 2455 राशन पैकेट का वितरण एवं 25931 व्यक्तियों के भोजन की व्यवस्था की जा चुकी है। जनपद में खाद्य सामग्री का भी पर्याप्त भंडार है। जिसमे 703 मीट्रिक टन गेंहू, 1621 मीट्रिक टन चावल, 113 मीट्रिक तन चीनी, 122 कुंतल चना दाल व 136 कुंतल मसूर दाल उपलब्ध है। जबकि ईंधन के भंडार में 384 किली डीजल, 260 किली पेट्रोल, 4505 घरेलू एलपीजी गैस व 907 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की उपलब्धता है। जनपद में संगठित क्षेत्र से जुड़े श्रमिको जिसमें 630 होटल व रिसोर्ट प्रतिष्ठानों में श्रमिको की संख्या 4400, 55 उद्योग व कारखानों में 1050, 12 निर्माण प्रोजेक्ट व निर्माण स्थलों पर श्रमिकों की संख्या 1200 है। जबकि असंगठित क्षेत्र से जुड़े श्रमिको की संख्या 12870 है।
देवप्रयाग में क्वारटींन 36 लोगों को प्रशासन ने भेजा उनके घर
टिहरी। कोरोना संकट के मद्देनजर देवप्रयाग स्थित बदरीकेदार यात्री विश्राम गृह मे पिछले 20 दिनों से क्वारंटाइन किये 36 लोगों को प्रशासन ने सोमवार को छोड़ दिया। इसमें 33 लोगों को तीन बसों के जरिये उनके निवास स्थानों के लिए भेजा गया। जबकि तीन लोग अपनी बाइकों से रवाना किये गए। तहसीलदार एसएस कठैत ने बताया की क्वारंटाइन किये लोगों में लगातार स्वास्थ्य परीक्षण के बाद कोरोना के कोई लक्षण नहीं मिले थे। जिस पर सोमवार को तीन बसों व बाइकांे से उन्हें उनके निवास स्थानों तक भेजने का फैसला किया गया।
इसमें उतराखण्ड के 26 लोगों को उनके जिले तक जबकि उप्र निवासी सभी दस मजदूरों को उनके ठेकेदारो के पास वापिस श्रीनगर भेजा गया। मालूम हो देवप्रयाग में बीती 31 मार्च को पुलिस ने दिल्ली, नोएडा, चण्डीगढ़, मेरठ, सहारनपुर से आ रहे 26 लोगों व कर्णप्रयाग, श्रीनगर से उप्र जा रहे 10 लोगों को पकड़ा गया था। उन सभी को यहीं क्वारंटाइन कर दिया गया था। 14 दिन की अवधि पूरी कर चुके यह लोग लगातार छोड़े जाने की मांग कर रहे थे। आखिर 20 दिनों के बाद प्रशासन ने उनको छोड़ दिये जाने का निर्णय लिया गया। क्वारंटाइन किये गए 36 लोगों में कोरोना के कोई लक्षण नहीं मिलने पर पुलिस प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने संतोष जताया। इस मौके पर तहसीलदार एस एस कठैत, थाना प्रभारी महिपाल सिंह रावत, सीएचसी प्रभारी डॉ. सतीश कुमार मौजूद रहे।





