उत्तराखंड

जीजा के घर साले ने किया हाथ साफ

यूजेवीएनएलकर्मी के घर साले ने की चोरी
देहरादून। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत टोंस कॉलोनी में यूजेवीएनएल कर्मचारी के घर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में यूजेवीएनएल के कर्मचारी के साले सहित एक अन्य को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर दिया है। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
यूजेवीएनएल में कार्यालय सहायक के पद पर तैनात सागर राघव पुत्र ओमप्रकाश राघव निवासी एलबी-1 टोंस कॉलोनी डाकपत्थर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 18 मई को जब वह अपने पुराने आवास एलबी-4 से सामान शिफ्ट कर रहे थे, तब उन्होंने ज्वेलरी की आलमारी खोली व ज्वेलरी निकालने लगे। देखा की ज्वेलरी के सारे डिब्बे खाली पड़े थे। उनमें रखे लाखों रुपये के सोने चांदी के जेवर गायब थे। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।
सीसीटीवी कैमरे खंगालने व मुखबिर को सतर्क कर दिया। इस पूछताछ में यूजेवीएनएल कर्मी ने बताया कि उसके घर में उसके साले रुपेश शाही व साली का आना जाना था। जिस पर पुलिस ने यूजेवीएनएल कर्मी के साले रुपेश शाही को बुलाकर सख्ती से पूछताछ की। जिस पर यूजेवीएनएल कर्मी के साले रुपेश शाही पुत्र शेर सिंह शाही निवासी टोंस कॉलोनी डाकपत्थर ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उसने अपने जीजा के घर की एक चाबी अपने कब्जे में ले ली थी। उसने अपने दोस्त अंकित पुत्र तेलूराम के साथ मिलकर 12 व 13 मई को अपने जीजा के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
सीओ विकासनगर बीएस धोनी ने कोतवाली में आयोजित पत्रकार वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी रुपेश शाही स्मैक का आदी है। उसने पूछताछ में बताया कि चोरी के जेवरातों में कुछ जेवरात बेचकर उसने स्मैक खरीदकर बेच ली है। रुपेश शाही की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथ चोरी में शामिल दोस्त अंकित के घर से चोरी का सामान सोने का हार, कंगन की जोडी, अंगूठी एक, दो सोने के मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के कुंडल सहित करीब पांच लाख रुपये से अधिक की ज्वेलरी बरामद की। सीओ बीएस धोनी ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस की टीम में प्रभारी कोतवाल गिरीश नेगी, चैकी प्रभारी डाकपत्थर मुकेश कुमार, एसआई रतन सिंह बिष्ट, कांस्टेबल सोनूराम, कुलवीर कुमार प्रविंद्र आदि शामिल रहे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *