-अंदरूनी गुणा भाग में लगे हैं प्रत्याशी
-विकासखण्ड ऊखीमठ में थमा प्रचार अभियान, पांच को चुनाव की सभी तैयारियां पूर्ण
-विकासखण्ड ऊखीमठ से ग्राम प्रधान, जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत के लिए 216 प्रत्याशी मैदान में
रुद्रप्रयाग। विकासखंड ऊखीमठ में पांच अक्टूबर को होने वाले प्रथम चरण के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का प्रचार थम गया है। चुनाव प्रचार थमते ही सभी प्रत्याशियों की धड़कने तेज हो गई हैं। चुनाव प्रचार थमते ही अब प्रत्याशियों ने अंदरूनी गुणा भाग शुरू कर दिया है। मतगणना तक कोई भी प्रत्याशी जीत का सेहरा अपने ही सिर बांध रहा है। मतदाताओं की खामोशी प्रत्याशियों की रातों की नींद उठा चुकी है।
69 ग्राम पंचायतो वाले इस विकासखंड में 18 प्रधान पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं तथा पांच ग्राम पंचायत में आरक्षण की स्थिति स्पष्ट न होने से उन ग्राम पंचायतो में किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया है। शेष 46 ग्रामों के लिए 135 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। 37 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में से 7 क्षेत्र पंचायत सदस्य भी पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि दो क्षेत्र पंचायत सदस्य की सीटों पर दो से अधिक बच्चे होने व आरक्षण की स्थिति स्पष्ट न होने से उन दो सीटों पर किसी ने नामांकन नहीं किया है। 28 क्षेत्र पंचायत सदस्य की सीटों को कब्जाने के लिए 66 प्रत्याशी चुनाव लड रहे हैं। जिला पंचायत के चार वार्डों पर 15 प्रत्याशी चुनावी समर में हैं। कुल मिलाकर प्रधान, क्षेत्र व जिला पंचायत सदस्यो के 78 पदों के सापेक्ष में 216 प्रत्याशी चुनाव मैदान मे हैं। पांच अक्टूबर को सम्पन होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों का प्रचार थम गया है। चुनाव प्रचार थमते ही सभी प्रत्याशी गोपनीय प्रचार में जुट गये हैं तथा सभी प्रत्याशियों ने अपने जीत का गुणा भाग शुरू कर दिया है। कई सीटों पर क्षमता से अधिक प्रत्याशी होने के कारण मतदाताओं की खामोशी प्रत्याशियों के लिए चिन्ता का सबब बना हुआ है।





