चमोली। चमोली के उर्गम घाटी में वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण 12 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार जोशीमठ के उर्गम घाटी में निर्माणाधीन उर्गम-पल्ला जखोला मोटर मार्ग पर शुक्रवार को पल्ला गांव के समीप मैक्स करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इसमें सवार 17 लोगों में 12 की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि जान बचाने के लिए खाई की ओर सरकते वाहन से कूदे तीन लोग घायल हो गए। वहीं वाहन को रोकने के लिए टायर में पत्थर लगाने उतरे दो लोग बाल-बाल बच गए।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर एक मैक्स जोशीमठ से सवारियों को लेकर किमाणा गांव जा रही थी। करीब 3:30 बजे पल्ला गांव के समीप खड़ी चढ़ाई पर मैक्स आगे नहीं बढ़ पाई। पीछे सरकते देख उस पर सवार किमाणा गांव का जीतपाल सिंह और हेमंत चौहान निवासी कलगोठ गांव नीचे उतरे और टायर में पत्थर अड़ाने लगे।
बताया जा रहा है कि वाहन ओवर लोड होने के कारण पत्थर पार कर गया और तेजी से नीचे आने लगा। इस दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इस बीच मैक्स की छत पर सवार तीन लोग जान बचाने के लिए कूद गए। वे सड़क के पत्थरों से टकराकर घायल हो गए।
वहीं खाई में गिरने से मैक्स के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाया। देर शाम तक 12 लोगों के शव निकाल लिए गए। तीनों घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उर्गम लाया गया है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *