देश

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री के पद से दिया इस्तीफा, सिद्धू को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया

चण्डीगढ़। पंजाब की राजनीति में एक बार फिर भूचाल आ गया। एकाएक कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देकर अपने राजनीतिक इरादे जाहिर कर दिए। कैप्टन ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिद्धू पर गंभीर आरोप लगाये। मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद कैप्टन ने नेशनल सिक्योरिटी का मुद्दा उठाते हुए नवजोत सिद्धू को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरनाक बताया।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि वह उन्हें सीएम बनाए जाने का विरोध करेंगे। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि सिद्धू का पाकिस्तान, उसके प्रधानमंत्री इमरान खान और सेना चीफ कमर जावेद बाजवा से रिश्ते हैं। सिद्धू को पंजाब के लिए डिजास्टर बताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश की सुरक्षा का मामला है।

अमरिंदर सिंह सिर्फ इतने पर ही नहीं रुके। उन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा तक बता दिया। कैप्टन ने कहा कि यह नेशनल सिक्योरिटी का मसला है। जब अमरिंदर सिंह से पूछा गया कि वह ऐसा क्यों कह रहे हैं तो उन्होंने कहा कि मुझे पता है कि उसके पाकिस्तान से बहुत अच्छे संबंध हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान से सिद्धू की दोस्ती है। जनरल बाजवा से उसकी दोस्ती है।

अमरिंदर ने कहा कि हर रोज पंजाब में पाकिस्तान से ड्रोन आते हैं। कितने हथियार, कितने विस्फोटक, आरडीएक्स, पिस्टल वगैरह सब पाकिस्तान से ही तो आ रहे हैं। हमारा कितना लंबा कॉमन बॉर्डर है जो पाकिस्तान से जुड़ता है। ऐसे में सिद्धू को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाना देश की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। कैप्टन ने कहा कि अगर ऐसा कोई भी फैसला होता है तो वह खुलकर इसका विरोध करेंगे।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि सिद्धू को मैं अच्छी तरह से जानता हूं। सिद्धू पंजाब में कोई मैजिक नहीं करने जा रहे हैं। वह एक डिजास्टर साबित होंगे। कैप्टन ने आगे कहा कि यह कांग्रेस पार्टी का फैसला है। वह उनको पीसीसी का चीफ बनाती है बनाएं। लेकिन अगर उन्हें सीएम फेस बनाया गया। अगर उन्हें पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर प्रोजेक्ट किया गया तो मैं इसका विरोध करूंगा।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *