मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बोले — श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं

रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी  ने शुक्रवार को श्री केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) अस्पताल का विधिवत लोकार्पण किया। इस अस्पताल का संचालन Swami Vivekananda Health Mission Society द्वारा किया जाएगा।

उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस उच्च हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल का संचालन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगा। यह अस्पताल यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।

यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सुविधाओं को दी जा रही विशेष प्राथमिकता

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

“स्वस्थ उत्तराखण्ड, समृद्ध उत्तराखण्ड” की दिशा में सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “स्वस्थ उत्तराखण्ड, समृद्ध उत्तराखण्ड” के संकल्प को साकार करने के लिए प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं सुधार की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लाखों मरीजों को नि:शुल्क उपचार का लाभ मिल रहा है। इसके साथ ही प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी कार्य जारी है।

बाबा केदार से प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि श्री केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा एवं मानवता का भी प्रतीक है और इसी भावना के साथ सरकार देवभूमि में स्वास्थ्य एवं जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है।

कई गणमान्य अतिथि रहे उपस्थित

कार्यक्रम में विधायक केदारनाथ  आशा नौटियाल ने कहा कि यह अस्पताल सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस अवसर पर भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी, विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक दिनेश चंद्र, बद्री केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष  विजय कप्रवान, श्री केदार सभा के अध्यक्ष पं. राजकुमार तिवारी, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ  पंकज शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य अमित मेंखडी, महामंत्री  अंकित सेमवाल,  संजय तिवारी, जिला पंचायत सदस्य  सुबोध बगवाड़ी,  केशव बहुगुणा, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिक तोमर, उप जिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी, कर्नल अजय कोठियाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जो उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *