देहरादून। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में टूल किट्स एवं प्रशिक्षण के नाम पर करोड़ों का घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विगत दो-तीन वर्षों में भवन निर्माण एवं कर्मकार कल्याण बोर्ड में सरकार को करोड़ों रुपए की चपत लगाने का काम किया है तथा इसके साथ साथ श्रमिकों को भी छलने का काम किया है। नेगी ने कहा कि 70-80 करोड रुपए से अधिक मूल्य की साइकिलें, सिलाई मशीन, सोलर लालटेन, टूलकिट्स, छाते आदि खरीदे गए, सामान की गुणवत्ता इतनी घटिया थी कि श्रमिकों ने उसको इस्तेमाल करने के बजाय मुफ्त का माल समझकर औने-पौने दामों में बाजार में नीलाम कर दिया। इसके साथ-साथ खरीद एवं वितरण में भी भारी धांधली की गई। करोड़ों रुपए का उक्त वर्णित सामान किस वाहन से आया, इसका कोई अता पता विभाग के पास नहीं है यानी सब हवा-हवाई है। नेगी ने कहा कि स्किल (प्रशिक्षण) करने के नाम पर करोड़ों रुपए की बंदरबांट की गई तथा कई एनजीओ को भी भारी भरकम लाभ पहुंचाया। विगत कई महीनों से इनके भ्रष्टाचार को लेकर मोर्चा मुखर था तथा अभी दो-तीन दिन पहले ही सरकार द्वारा बोर्ड के अध्यक्ष एवं सचिव को बाहर का रास्ता दिखाया गया, जो कि सराहनीय कदम है। नेगी ने कहा कि सहसपुर स्थित दून मेडिकल एवं साइंस को हॉस्पिटल्स की सूची में इम्पैनल कर लाभ पहुंचाया गया। मोर्चा सरकार से मांग करता है कि खरीद-वितरण, एनजीओ को लाभ पहुंचाने एवं स्किल करने के नाम पर हुए महा घोटालों की सरकार सीबीआई जांच कराए। Post navigation राष्ट्रीय हिमालयी अध्ययन मिशन के तहत मशरूम उत्पादन का दिया गया प्रशिक्षण चमोली का पोखरी थाना सर्वश्रेष्ठ थाना चयनित