देहरादून। जौनसार-बावर क्षेत्र के मुख्य मार्गों और संपर्क मार्गों पर जाने वाले छोटे यात्री वाहनों में ओवर लोडिंग रुकने का नाम नहीं ले रही है। आलम यह है कि विकासनगर मुख्य बाजार से वाहनों में मानक से अधिक सवारियां बिठाई जा रही हैं। बावजूद इसके जिम्मेदार मौन साधे हुए हैं। जौनसार-बावर क्षेत्र में होने वाले सड़क हादसों के लिए खस्ताहाल सड़कों के साथ ही ओवर लोडिंग भी प्रमुख कारण है।
 इन मार्गों पर हुए सड़क हादसों में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। बावजूद इसके यहां ओवर लोडिंग की समस्या से निपटने के लिए पुख्ता कार्रवाई नहीं की जा रही है। जौनसार-बावर के अधिकांश मार्गों के लिए विकासनगर मुख्य बाजार से छोटे यात्री वाहन संचालित होते हैं। अधिकांश वाहनों में सामान के साथ ही मानकों से अधिक सवारियां विकासनगर से ही बिठाई जाती हैं। मुख्य बाजार में ओवरलोड वाहनों के गुजरने के बावजूद इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। विकासनगर से कालसी तहसील मुख्यालय में पहुंचने के बाद भी इन ओवर लोड वाहनों पर जिम्मेदारों की नजर नहीं पड़ती है। परिवहन कर अधिकारी रत्नाकर सिंह ने बताया कि ओवर लोडिंग के खिलाफ पुलिस और तहसील प्रशासन के साथ मिलकर कड़ी कार्रवाई जाएगी।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *