देहरादून। मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत ने राजधानी देहरादून के हरिद्वार बायपास रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग ब्यास में 18 से 44 वर्ष के लोगों के टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। 18 से 44 वर्ष के लोगों का सोमवार से मुफ्त में वैक्सीनेशन शुरू हो गया है। प्रदेश में 50 लाख युवाओं का वैक्सीनेशन होना है। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने देहरादून में राधा स्वामी सत्संग घर में टीकाकरण अभियान का उद्घाटन किया। यहां मुख्यमंत्री की मौजूदगी में सबसे पहले आंचल पुंडीर को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। इसके बाद मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने एमबी डिग्री कॉलेज हल्द्वानी में भी 18-44 वर्ष के लोगों के टीकाकरण का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में टीकाकरण अभियान का तीसरा दौर शुरू हो गया है जिसके तहत प्रदेश के 50 लाख युवाओं का कोविड टीकाकरण होना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड पहला ऐसा राज्य जहां सबसे पहले 18 से 44 वर्ष के लोगों के मुफ़्त टीकाकरण की घोषणा की गई, जिसके लिए राज्य सरकार 400 करोड़ का खर्चा वहन करेगी। मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि आज से इस टीकाकरण अभियान की विधिवत शुरुआत हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोविड टीकाकरण अभियान को हर न्याय पंचायत स्तर तक भी ले जाया जाए, मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय पंचायत स्तर पर कोविड-19 टीकाकरण हेतु कैंप लगाए जाएं। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि टीकाकरण हेतु बनाए गए सभी बूथों पर बुजुर्गों, दिव्यांगों हेतु अलग से व्यवस्था की जाए ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा है टीकाकरण के बाद भी मास्क, सैनिटाइजर और कोविड प्रोटोकॉल का पूरा पालन करें। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, विधायक राजपुर खजान दास, विधायक धर्मपुर विनोद चमोली, मुख्यमंत्री के प्रमुख सलाहकार आरबीएस रावत जिलाधिकारी देहरादून समेत तमाम अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत ने आज हल्द्वानी भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कोविड-19 की रोकथाम और मरीजों के उपचार के लिए की गई विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सर्वप्रथम एमबी पीजी काॅलेज पहुंचकर उन्होंने कोविड टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। तत्पश्चात उन्होंने मिनी स्टेडियम पहुंचकर वहां बनाए गए कोविड केयर सेंटर तथा डाॅ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय और उसके परिसर में डीआरडीओ द्वारा बनाए जा रहे 500 बेड के कोविड अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि डीआरडीओ द्वारा बनाए जा रहे 500 बेड के आईसीयू सुविधा से युक्त इस कोविड अस्पताल के निर्माण के लिए केंद्रीय रक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करता हूं।अस्पतालों का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि चिकित्सक व अन्य स्वास्थ्यकर्मी पूरी तन्मयता से कोविड-19 के मरीजों के उपचार में जुटे हैं, जिन पर हम सभी को गर्व है। राज्य सरकार कोरोना की रोकथाम के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने देगी। मुख्यमंत्री श्री रावत ने अधिकारियों को अस्पतालों में किसी भी स्रोत से नए चिकित्सकों की तैनाती करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्होंने कोरोना मरीजों के उपचार में जुटे स्वास्थ्यकर्मियों को प्रोत्साहन राशि देने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि कोरोना टीके की 3 लाख से अधिक खुराक राज्य को प्राप्त हो चुकी हैं। 18 वर्ष से 44 वर्ष तक के व्यक्तियों के टीकाकरण अभियान में अब कोई अवरोध नहीं आने दिया जाएगा।




