देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और लोकसभा सांसद रहे वरिष्ठ भाजपा नेता भगत सिंह कोश्यारी को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया है। भगत सिंह कोश्यारी को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाए जाने पर उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। कोश्यारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक रहे हैं। आपातकाल के समय 1977 में वे जेल भी गए। अलग उत्तराखंड राज्य बनने पर वे उत्तराखंड भाजपा के पहले प्रदेश अध्यक्ष बने। 2001 से 2002 तक वे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे। 2002-2007 तक उन्होंने उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का पद संभाला। 2008 से 2014 तक वे राज्यसभा के सदस्य रहे। उसके बाद वे नैनीताल-उधमसिंहनगर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए। वे अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तकर हैं। वे शिक्षक व पत्रकार भी रहे। अब उन्हें राष्ट्रपति द्वारा महाराष्ट्र के राज्यपाल के तौर पर नियुक्त किया गया है। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड भगत सिंह कोश्यारी को महाराष्ट्र के राज्यपाल नियुक्त होने पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि श्री कोश्यारी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में महाराष्ट्र राज्य विकास की नयी ऊँचाइयाँ प्राप्त करेगा। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने भगत सिंह कोश्यारी को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी एक वरिष्ठ एवं अनुभवी राजनेता हैं। उत्तराखण्ड के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वे संवेदनशील, सादगीपूर्ण व लोकप्रिय व्यक्तित्व के धनी हैं। Share on FacebookPost on XFollow usSave Post navigation निर्वाचक नामावली में त्रुटि है तो बीएलओ या वोटर हेल्पलाइन-1950 पर करें संपर्क परमवीर चक्र विजेता ले. कर्नल धन सिंह थापा द्वार का शिलान्यास