विकासनगर। सीएचसी में रेडियोलॉजिस्ट के बीमार होने से अल्ट्रासाउंड मशीन बंद पड़ी है। पिछले दो सप्ताह से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे हैं। जिससे दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले लोगों और गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानी हो रही है। सोमवार को अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए चक्कर काट रही महिलाओं का गुस्सा अस्पताल प्रशासन पर फूट पड़ा। महिलाओं ने अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। सीएचसी विकासनगर के रेडियोलॉजिस्ट को टाइफाइड होने के कारण वे लंबी छुट्टी चले गये हैं।
 जिसके चलते सीएचसी विकासनगर में अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे हैं। विकासनगर क्षेत्र से लेकर जौनसार बावर, हिमाचल के सिरमौर, बिन्हार, टिमली आदि क्षेत्रों से इन दिनों गर्भवती महिलायें अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने आ रही है। लेकिन अस्पताल प्रशासन लगातार उनको डेट पर डेट दे रहा है। लेकिन प्रत्येक डेट पर अल्ट्रासाउंड न होने के कारण महिलाओं को नई डेट लेकर बैरंग घर लौटना पड़ रहा है। महिलाओं ने बताया कि पहले चार सितंबर, फिर छह सितंबर, फिर ग्यारह सितंबर और आज 16 सितंबर की डेट अस्पताल प्रशासन ने उन्हे अल्ट्रासाउंड के लिए दी थी। जिसके चलते छह बजे सुबह ही वे अस्पताल में पहुंचकर पर्चा बनवाकर अपनी बारी का इंतजार कर रही थी। लेकिन सुबह नौ बजे पता चला कि आज भी चिकित्सक न होने के कारण अल्ट्रासाउंड नहीं होगा। जिससे महिलाओं में आक्रोश फैल गया। महिलाओं ने अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। अस्पताल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। महिलाओं ने कहा कि हर बार उन्हे डेट दी जा रही है। लेकिन अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहा है। प्रदर्शनकारी महिलाओं में बालमा, रेखा देवी, पूजा, बुशरा, समीना, सईस्ता, शमा, रुबी, लक्ष्मी, आशिया, कृष्णा, मीनू, ममता, संगीता, सोनी, चुन्नी देवी, फरहीन, नीमरा, प्रेमा, ममता, परमिला, दिल कुमारी, शालिनी, संध्या, यासमीन, सबिना, इमराना, अंजूदेवी, निशा तोमर, हरेंद्र, नीलम आदि शामिल रहे।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed