देहरादून। दो दिन बाद उत्तराखंड में आज तीन कोरोना संक्रमित केस सामने आए हैं। देहरादून जिले के विकासनगर और सेलाकुई के बीच स्थित एक क्वारंटीन सेंटर में रह रहे परिवार का एक वर्षीय बच्चा कोरोना संक्रमित पाया गया है। उसे इलाज के लिए राजकीय दून मेडिकल अस्पताल लाया जा रहा है। दून अस्पताल के डिप्टी सीएमएस और कोरोना स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. एनएस खत्री ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बच्चे के पिता भी कोरोना पॉजिटिव थे जो अभी अस्पताल में भर्ती हैं।
वहीं, देहरादून में सेना की एक महिला डॉक्टर भी कोरोना पॉजिटिव मिली हैं। बताया जा रहा है कि महिला डॉक्टर दो दिन पहले ही लखनऊ से देहरादून लौटी थीं। उधर रामनगर में भी एक जमाती कोरोना संक्रमित पाया गया है। इसके साथ ही अब प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 40 हो गई है। प्रभारी सचिव पंकज कुमार पांडेय ने इसकी पुष्टि की है। 40 में से नौ मरीज सही होकर अस्पताल से जा चुके हैं। देहरादून, ऊधमसिंहनगर, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी, अल्मोड़ा जनपदों में 40 संक्रमित मामले सामने आए हैं। चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत जनपद में अभी तक कोई पॉजिटिव मामला नहीं आया है। कोरोना संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले पाए जाने से देहरादून जनपद को रेड जोन घोषित किया गया है, जबकि सात जनपदों में पॉजिटिव मामला नहीं आने से ग्रीन जोन में रखा गया है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed