उत्तराखंड

पहाड़ से लेकर मैदान तक गर्मी ने किया हलकान, हीट वेव का अलर्ट

देहरादून। पहाड़ से लेकर मैदान तक गर्मी के कारण मुश्किलें बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने हीट वेव की चेतावनी जारी की है। आने वाले दिनों में गर्मी अपने चरम सीमा पर रहेगी। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में गर्मी का अलर्ट जारी किया है। शहरों में तापमान 40 से 42 डिग्री के आसपास रहेगा। मौसम विभाग ने गढ़वाल मंडल के मैदानी क्षेत्र और पहाड़ के घाटी वाले इलाकों के लिए हीट वेव की चेतावनी जारी की है।  सात जून तक यह स्थिति बनी रह सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले तीन से चार दिन प्रदेश के मैदानी जिलों में अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
पर्वतीय क्षेत्रों में दो हजार मीटर तक के कुछ इलाकों में तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।  सात जून तक गढ़वाल मंडल में कहीं-कहीं हीट वेव की स्थिति रहेगी। वहीं दूसरी ओर पांच और छह जून को कुमाऊं मंडल के कुछ जिलों में ओलावृष्टि की आशंका है। ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर कुमाऊं क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
गढ़वाल मंडल में घाटी वाले श्रीनगर, सतपुली, गौचर, रुद्रप्रयाग, कर्णप्रयाग, देवप्रयाग और चिन्यालीसौड़ आदि इलाके हीट वेव से प्रभावित रह सकते हैं। इसके अलावा ऋषिकेश, कोटद्वार, डोईवाला, देहरादून और रायवाला, हरिद्वार आदि मैदानी इलाकों में हीट वेव का ज्यादा असर रहेगा।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *