देहरादून में उच्च स्तरीय बैठक, SIR अभियान को लेकर दिए महत्वपूर्ण निर्देश देहरादून में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने SIR अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मतदाता सूची शुद्धिकरण पर जोर दिया। प्रदेश में 89 प्रतिशत प्री-SIR मैपिंग पूरी हो चुकी है और मतदाता जागरूकता अभियान भी तेज कर दिया गया है। देहरादून। राजधानी स्थित राज्य अतिथि गृह बीजापुर में देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य में मतदाता सूची के शुद्धिकरण और आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि SIR अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और शुद्ध बनाना है। इसके तहत अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, डुप्लीकेट तथा विदेशी मतदाताओं की पहचान कर मतदाता सूची को अद्यतन किया जाएगा। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे आगामी SIR अभियान के दौरान अपना नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो उपलब्ध कराएं तथा बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को सहयोग दें। प्रदेश में 89 प्रतिशत मैपिंग पूरी बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए राज्य में चल रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्री-SIR चरण में प्रदेश में अब तक 89 प्रतिशत मैपिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा गणना प्रपत्रों की छपाई की तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO), डिप्टी DEO और ERO/AERO अधिकारियों के प्रथम चरण का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया गया है, जबकि BLO और अन्य फील्ड स्टाफ का प्रशिक्षण कार्य लगातार जारी है। मतदाता जागरूकता अभियान भी जारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर में विभिन्न माध्यमों से व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और ERO को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रत्येक सप्ताह बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता और समन्वय बना रहे। कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, डीएम देहरादून सविन बंसल, नवनियुक्त डीएम डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल, सीडीओ देहरादून अभिनव शाह, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास तथा सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। Post navigation उत्तराखंड में ऑर्गेनिक खेती पर गहराया संकट, 90 हजार से अधिक किसानों के सर्टिफिकेट निलंबित रील बनाकर दहशत फैलाना पड़ा भारी, ‘मकड़ा गैंग’ पर पुलिस का शिकंजा