उत्तराखंड

चाकू घोंपकर हत्या, हत्यारा फरार

हरिद्वार। सलेमपुर रानीपुर में अपने बेटे के साथ घर लौट रहे एक युवक की पड़ोसी युवक ने पेट में चाकू घोंपकर हत्या कर दी है। घटना के बाद से पड़ोसी हत्यारा फरार है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि विवाद लेनदेन को लेकर हुआ था।
पुलिस के मुताबिक घटना सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे की है, जब गाडो सलेमपुर रानीपुर निवासी अफजल उर्फ बाबू कुरैशी (38) पुत्र असगर अपने 12 वर्षीय बेटे सानू के साथ किराना की दुकान से सामान लेकर घर लौट रहे थे। बीच रास्ते में पड़ोसी युवक शाहरुख कुरैशी मिल गया। बिना कुछ सोचे समझे शाहरुख ने अफजल के पेट पर चाकू से वार कर दिया और फरार हो गया। आनन-फानन में घायल अफजल को आसपास के लोग अस्पताल लेकर जाने लगे तो बीच रास्ते में ही अफजल की मौत हो गई। आसपास वालों की सूचना मिलते ही एएसपी आयुष अग्रवाल, कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट और गैस प्लांट चैकी प्रभारी सत्येंद्र नेगी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके से चाकू भी बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि अफजल ने 22 हजार रुपये शाहरुख को दिए थे। बीते कुछ दिनों से अफजल अपने पैसे वापस मांग रहा था। इस बीच को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। शाहरुख इस बात से नाराज था कि पैसे दिलाने के लिए अफजल ने क्षेत्र के कई लोगों को कहा था। एएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि आरोपी पड़ोसी युवक की तलाश की जा रही है। मुकदमा दर्ज करने के आदेश दे दिए गए है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *