45 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ बेतालघाट चौकी का आरक्षी

हल्द्वानी/नैनीताल। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेतालघाट चौकी में तैनात एक आरक्षी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर खनन कारोबारियों से अवैध वसूली करने का आरोप लगा है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि चौकी में तैनात आरक्षी दीपक सामन्त खनन कार्य से जुड़े लोगों से 65 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। साथ ही रकम न देने पर वाहनों को सीज करने, चालान काटने और खनन कार्य रुकवाने की धमकी दी जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी ने पूरे मामले की गुप्त जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सतर्कता के निर्देश पर ट्रैप टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी आरक्षी को 45 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी दीपक सामन्त ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र का निवासी बताया गया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने सफल कार्रवाई करने वाली टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। विजिलेंस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1064 या 9456592300 पर दें।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जो उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *