उत्तराखंड

औली बनेगा विंटर स्पोट्रस का केंद्रः रिजिजू

चमोली। केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू शनिवार को हेलीकाप्टर से आर्मी हेलीपैड जोशीमठ पहुंचे। आईटीबीपी की प्रथम वाहिनी सुनील में आईटीबीपी के जवानों से मुलाकात करने के बाद मंत्री एशिया की सबसे लंबी रोपवे से औली पहुंचे। केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने कहा कि देश में खेलो इंडिया के तहत अनेक स्पोर्ट्स कराए जा रहे हैं।
केंद्र सरकार और स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए अनेक प्रयास कर रहे हैं। विशेष तौर पर विंटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए अलग-अलग योजनाएं तैयार हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अगले महीने जम्मू-कश्मीर में विंटर स्पोर्ट्स का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश भर के खिलाड़ी पहुंचेंगे। किरण रिजिजू ने कहा कि अब विंटर खेलों का बजट भी खेल मंत्रालय को दिया जा रहा है। इससे इस क्षेत्र में और अधिक प्रयास करने की संभावना बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को स्पोर्ट्स से जोड़ने के लिए खेल मंत्रालय के द्वारा अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्रीय खेल मंत्री ने कहा कि जब वे देश के गृह राज्य मंत्री थे तो उन्होंने चमोली की सीमा से लगे सभी चेक पोस्टों का भ्रमण किया था। उन्होंने कहा कि जवानों को भी अच्छा लगता है और स्वयं उन्हें भी उनसे मिलकर गर्व महसूस होता है। वहीं औली में स्कीइंग और विंटर खेलों को लेकर रिजिजू ने कहा कि इस पर अधिकारियों और आईटीबीपी से चर्चा की जाएगी। भविष्य में यहां पर विंटर खेलों को और बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि औली बहुत ही खूबसूरत जगह है और यहां पर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में जरूर कुछ अलग होना चाहिए।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *