देहरादून। उत्तराखंड में परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने दो भर्तियों के लिए कुल 493 पदों पर विज्ञापन जारी किया है। यह दोनों भर्तियां पुलिस विभाग की है। इन दोनों ही भर्तियों के लिए कोई भी आवेदन शुल्क नहीं देना होगा। आपको बता दें कि इन भर्तियों में अधिकतम आयु सीमा में अतिरिक्त एक साल की छूट मिलेगी।

पहली भर्ती उत्तराखंड पुलिस में सब इंस्पेक्टर के 221 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया है। इनमें उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के 65 पद, उप निरीक्षक अभिसूचना के 43 पद, गुल्मनायक पीएससी और आईआरबी के 89 पद और अग्निशमन वित्तीय अधिकारी के 24 पद शामिल है। इन पदों के लिए शैक्षिक योग्यता स्नातक (Graduation) है। वहीं उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग इस भर्ती को पहली बार आयोजित कर रहा है। ऐसे में इस भर्ती की लिखित परीक्षा का स्वरूप भी बदल दिया गया है। अब यह परीक्षा भी 100 अंकों की ही होगी। वहीं इनमें अग्निशमन द्वितीय अधिकारी का पद विज्ञान स्नातक का पद है, इसके लिए 100 अंकों की अर्हता संबंधी विषयों की परीक्षा होगी। इन सभी पदों के लिए पहले शारीरिक दक्षता परीक्षण यानी फिजिकल टेस्ट होगा। उसके बाद लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।इन पदों के लिए आयु सीमा 21 से 29 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2021 को मानी जाएगी। वही आरक्षित श्रेणियों को नियमानुसार अतिरिक्त छूट मिलेगी। इसके लिए इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी 08 जनवरी 2022 से 21 फरवरी 2022 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसकी लिखित परीक्षा जुलाई 2022 में अनुमानित है।

वहीं दूसरी भर्ती पुलिस दूरसंचार विभाग के अंतर्गत मुख्य आरक्षी के 272 पदों के लिए जारी की गई है। इस पद के लिए गणित, भौतिक विज्ञान और अंग्रेजी विषय के साथ इंटरमीडिएट होना अनिवार्य है। इसके लिए संबंधित विषयों की लिखित परीक्षा होगी। इस भर्ती में लिखित परीक्षा के बाद शारीरिक माप जोख परीक्षण किया जाएगा। इन पदों के लिए आयु सीमा 18 से 23 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2021 को मानी जाएगी। वही आरक्षित श्रेणियों को नियमानुसार अतिरिक्त छूट मिलेगी। इसके लिए इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी 10 जनवरी 2022 से 23 फरवरी 2022 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसकी लिखित परीक्षा जुलाई 2022 में अनुमानित है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *