किसान ट्रैक्टर सहित नहर में गिरा, मौत
झबरेड़ा। झबरेड़ा-लखनौता मार्ग पर रविवार की रात कोटवाल गांव के समीप एक किसान ट्रैक्टर सहित नहर में गिर गया। रात को इस हादसे के बारे में किसी को पता नहीं चला। सुबह कुछ लोगों ने ट्रैक्टर नहर में पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर को बाहर निकाला। किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भेज दिया है।
     कोटवाल आलमपुर गांव में सुबह के समय कुछ लोग नहर किनारे टहलने के लिए गए हुए थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि नहर में एक ट्रैक्टर पड़ा हुआ है। इस बात की सूचना उन्होंने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर लखनौता चैकी प्रभारी मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने क्रेन मंगवाया और ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर को बाहर निकला गया। वहीं ट्रैक्टर की सीट पर एक 50 साल के व्यक्ति का शव पड़ा हुआ मिला। मृतक की पहचान अरविन्द त्यागी निवासी सढौली थाना झबरेड़ा के रूप में हुई। इस संबंध में पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि शाम के समय अरविन्द ट्रैक्टर लेकर किसी काम से झबरेड़ा गए थे। रात 11 बजे झबरेड़ा से लौटते समय यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक इस मामले में किसी ने कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी है।
————————————————————
तालाब में मिला फैक्ट्रीकर्मी का शव
रुड़की। फैक्ट्रीकर्मी का शव तालाब में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। परिजनों ने हत्या कर तालाब में शव फेंकने की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फैक्ट्रीकर्मी रविवार शाम से लापता था।
     गंगनहर कोतवाली पुलिस को सुबह करीब दस बजे सूचना मिली की सालियर के तालाब में एक शव पड़ा है। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को तालाब से निकाल कर शिनाख्त कराई। तालाब में शव मिलने की सूचना कुछ ही देर में सालियर के अलावा आसपास के गांवों में भी फैल गई। शिनाख्त में मालूम हुआ कि शव सालियर निवासी पुनीत (20) पुत्र जयपाल का है। रविवार सुबह पुनीत गांव के पास स्थित फैक्ट्री में रोजाना की तरह काम करने के लिए निकला था। लेकिन देर शाम तक भी घर नहीं पहुंचा था। परिजनों ने पुनीत की गुमशुदगी कोतवाली में दर्ज कराई थी। पुलिस के अलावा पुनीत के परिजन भी उसकी तलाश कर रहे थे। परिजनों के अनुसार पुनीत के गले और शरीर पर चोट के निशान हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का शव को तालाब में फेंकने की आशंका जताई है। पुलिस ने घटना के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर राजेश साह ने बताया कि परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पुनीत की मौत किन परिस्थितियों में हुई है। इसकी जानकारी मिल पाएगी।
————————————————————
19 वर्षीय युवक की निर्माणाधीन भट्ठा चिमनी से गिर कर मौत
रुड़की। 19 वर्षीय युवक की जिला बस्ती में निर्माणाधीन भट्ठा चिमनी से गिर कर मौत हो गई है। युवक की मौत पर परिजन सदमे में हैं। लंढौरा निवासी शादाब पुत्र खालिद ईंट भट्ठा चिमनी बनाने का कार्य करता था। कुछ दिनों से वह यूपी के जिला बस्ती में भट्ठा चिमनी बना रहा था। वह करीब 90 फीट ऊंची चिमनी पर चढ़ कर सामान उतार रहा था। बताया गया कि इसी दौरान पैर फिसलने से युवक नीचे गिर गया। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जिसके बाद शव को लंढौरा लाकर सुपुर्द ए खाक कर दिया है। चेयरमैन शहजाद खान ने युवक की मौत पर दुख प्रकट किया है।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *