-प्रीतम सिंह के नेतृत्व में पूरी कांग्रेस हरीश रावत के साथः धस्माना
देहरादून। कांग्रेस नेताओं की आवाज दबाने के लिए अब केंद्र व राज्य की बीजेपी सरकारों ने खुले आम सीबीआई, ईडी व इनकम टैक्स विभागों का दुरुपयोग करना शुरू कर दिया है। यह आरोप उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए सीबीआई के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए लगाया जिसमें सीबीआई ने विधायकों की खरीद फरोख्त का मुकदमा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर कायम करने की बात की। श्री धस्माना ने कहा कि यह तो उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। श्री धस्माना ने कहा कि पूरा उत्तराखण्ड जानता है कि 17 मार्च 2016 को बीजेपी की केंद्र सरकार के इशारे पर कांग्रेस के 10 विधायकों को खरीद कर बीजेपी ने राज्य की जनता द्वारा चुनी हुई कांग्रेस सरकार को गिरा कर अपनी सरकार बनाने का षडयंत्र रचा था जिसका संज्ञान उच्च न्यायालय नैनीताल व सर्वाेच्च न्यायालय ने ले कर कांग्रेस की असंवैधानिक तरीके से अपदस्त सरकार को बहाल किया व तत्पश्चात सरकार ने फ्लोर टेस्ट जीता और अपना कार्यकाल पूरा किया। श्री धस्माना ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में हरीश रावत द्वारा खरीद फरोख्त कहां हुई उल्टा बीजेपी ने पैसे व सत्ता में भागीदारी का लालच दे कर कांग्रेस के दस विधायकों को कांग्रेस से तोड़ कर अपने में मिलाने का कुकृत्य किया। धस्माना ने कहा यह अजीब बयान उच्च न्यायालय में सीबीआई ने बीजेपी सरकारों के इशारे पर दिया है जिससे कांग्रेस नेताओं पर दबाव बना कर उनकी आवाज को खामोश किया जा सके। धस्माना ने कहा कि अगर सीबीआई ने किसी भी प्रकार की उत्पीड़नात्मक कार्यवाही की तो कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में सड़कों पर संघर्ष करेंगे।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed