देहरादून। लॉकडाउन के चलते सब्जियों के दाम बढ़ते जा रहे हैं। हालत यह है कि गली मोहल्लों में सब्जी बेचने वाले महंगे दामों पर सब्जियां बेच रहे हैं, तो सब्जी मंडियों में सब्जियों के दाम पर नगर-निगम, जिला प्रशासन का कोई नियंत्रण नहीं है। देहरादून की नेहरू कॉलोनी स्थित सब्जी मंडी में सब्जियों के रेट बहुत ज्यादा तो नहीं हैं और दुकानदारों ने रेट लिस्ट भी लगाई है लेकिन यह जिला प्रशासन द्वारा प्रमाणित नहीं है। जाहिर तौर पर नगर निगम, जिला प्रशासन के अधिकारी घर पर बैठकर ही दावे कर रहे हैं कि प्रशासन के तय किए गए रेट्स की लिस्ट सभी सब्जी मंडियों में लगा दी है, जमीन पर सब्जी वालों की मनमानी ही चल रही है। फलों की स्थिति भी अलग नहीं है। सब्जियों के दामों में उतार-चढ़ाव है तो फलों के दाम भी दुकानदारों की मर्जी के अनुसार ही तय हो रहे हैं। फल विक्रेताओं में भी दुकानों पर रेट-लिस्ट तो लगाई है लेकिन वह भी जिला प्रशासन द्वारा प्रमाणित नहीं है। फल विक्रेताओं का कहना है, मंडी से सामान नहीं आने के कारण फलों के रेट बढ़ जाते हैं।



